जानिए क्यों लगा भोपाल के हनुमानगंज, टीला जमालपुरा और गौतम नगर थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू, कबाड़खाना इलाके में जमीन विवाद
हनुमानगंज के टीआई महेंद्र सिंह ने बताया कि कबाड़खाना इलाके में 30 हजार स्क्वॉयर फीट जमीन पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) बाउंड्री वॉल बनवा रहा है। कुछ लोगों ने आपत्ति जताकर जमीन को वक्फ बोर्ड की बतायी थी।
इसके बाद मामला कोर्ट में गया था। पक्ष में फैसला आने के बाद RSS वहां बाउंड्री करा रही है। इस दौरान विवाद की आशंका को लेकर तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है।
बाउंड्री निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों एवं एक समुदाय के लोगों द्वारा विरोध करने की आशंका है। इससे शहर की शांति व्यवस्था कानून व्यवस्था को खतरा है। इसे देखते हुए कलेक्टर अविनाश लवानिया ने धारा-144 के तहत रविवार सुबह 9 बजे से पुराने भोपाल के थाना हनुमानगंज, टीला जमालपुरा और गौतम नगर क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया है।
इसके बाद इतवारा, सोमवारा, बुधवारा, भारत टॉकीज चौराहा पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन बंद कर दिया है।
- पुरानी सब्जी मंडी
- भारत टॉकीज चौराहा
- तलैया थाना क्षेत्र
- हमीदिया रोड
- शाहजहांनाबाद थाना रोड
- सेफिया कॉलेज रोड
- रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6
- भारत टॉकीज ओवरब्रिज
- निशातपुरा से हनुमानगंज की ओर आने वाले मार्ग
यह आदेश जारी- कोई भी व्यक्ति मेडिकल जरूरत को छोड़कर घर से बाहर नहीं निकलेंगे।
- सभी व्यवसायिक संस्थान दुकानें, उद्योग पूरी तरह बंद रहेंगे।
- केवल हॉस्पिटल्स, मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी।
- यह आदेश शासकीय सेवक, पुलिसकर्मी, सशस्त्र बल पर लागू नहीं होगा।
- यह आदेश शैक्षणिक या प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों पर भी लागू नहीं होगा।
- प्रवेश पत्र आईडी कार्ड दिखाने पर निर्बाध रूप से आगमन कर सकेंगे।
- यह आदेश इन परीक्षाओं की ड्यूटी में लगे कर्मचारियों पर भी लागू नहीं होगा। आईडी कार्ड दिखाने पर उसे अनुमति रहेगी।
- यह आदेश रविवार सुबह 9:00 बजे से आगामी आदेश तक लागू रहेगा
यह है मामला
पुराना भोपाल के कबाड़खाना क्षेत्र में लगभग 30 हजार वर्ग फीट जमीन का मामला कोर्ट में था। कोर्ट से फैसला आने के बाद RSS रविवार को उक्त जमीन पर फेसिंग करा रही है।
किसी प्रकार की अशांति न हो, इसलिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाने का कदम उठाया है।

