दरोगा की विदाई पार्टी में जातिगत टिप्पणी से आपस में भिड़े पुलिसकर्मी, लात घूँसों के साथ चली कुर्सियां
गोरखपुर। खोराबार थाने में दरोगा की विदाई पार्टी में जातिगत टिप्पणी पर पुलिसकर्मी आपस में भिड़े गए। थानेदार की मौजूदगी में गाली- गलौज के बाद दोनों तरफ से जमकर लात- घूसे और चली कुर्सियां।
पुलिसकर्मियों ने बीच- बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो वायरल होने पर डीआइजी, एसएसपी ने दरोगा अश्विनी कुमार चौबे, दिनेश कुमार यादव, रविसेन यादव, मुख्य आरक्षी मनोज , आरक्षी मुकेश यादव, आरक्षी चालक राजेश यादव को निलंबित कर दिया है। थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है।
खोराबार थाने में तैनात दरोगा आरएस पाल 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रात में विदाई पार्टी रखी थी। समारोह में भोजन करने के दौरान जातिगत टिप्पणी पर दरोगा और सिपाही भिड़ गए। मामला बढऩे पर दूसरे दरोगा व सिपाही भी कूद पड़े। एक दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए लात और मुक्का बरसाने लगे।
पार्टी में मौजूद पुलिस कर्मियों ने बीच- बचाव कर विवाद खत्म कराया। कार्रवाई के डर से थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी। लेकिन रात में ही घटना का वीडियो वायरल हो गया।
डीआइजी, एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए सीओ कैंट को मामले की जांच सौंप दी। इसकी खबर लगते ही थाने में हड़कंप मच गया। थानेदार नासिर हुसैन सफाई देने और मांफी मांगने पुलिस कार्यालय पहुंचे, लेकिन कप्तान ने लौटा दिया।
चर्चा है कि दावत एक ठेकेदार ने दी थी। डीआइजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार के अनुसार सीओ की रिपोर्ट पर मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है। चर्चा है विदाई पार्टी में मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी नशे में थे। इसकी जांच कराई जा रही है। पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया जाएगा।

