समाचार (Muzaffarnagar News)
अवैध शस्त्र तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।जनपद में अवैध शस्त्रों की तस्करी और क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध शस्त्रों की तस्करी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से अवैध तमंचे, पिस्टल, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा तथा थाना प्रभारी कोतवाली नगर श्री बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग न्याजुपुरा से चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास अवैध शस्त्र बेचने के लिए मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों तस्करों को दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 03 अवैध असलहे जिनमें 02 तमंचे (315 बोर) और 01 पिस्टल (.32 बोर मय एक खाली मैगजीन) शामिल हैं। 03 मोबाइल फोन (02 आईफोन और 01 वीवो कंपनी का)। 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर । गिरफ्तार अभियुक्त चांद पुत्र रहीमुद्दीन, निवासी- आजाद नगर, सरधना, थाना सरधना, मेरठ (उम्र करीब 23 वर्ष)।
मोहम्मद अहमद पुत्र रहीसुद्दीन, निवासी- तहसील टाउन हॉल रोड, सर्वाेदय स्कूल के पीछे, सरधना, थाना सरधना, जनपद मेरठ (उम्र 22 वर्ष)। समीर पुत्र जान मोहम्मद, निवासी- मो. कमरा नवा बान, कालन चुंगी, थाना सरधना, जनपद मेरठ (उम्र 24 वर्ष)। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मेरठ के मैनापुट्ठी थाना सरूरपुर निवासी सितारा नामक व्यक्ति से 3-4 हजार रुपये में तमंचा खरीदकर उसे 6-7 हजार रुपये में तथा 30-35 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर 45-60 हजार रुपये में बेचते थे और मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। उन्होंने बताया कि वे ये हथियार बेचने जा रहे थे। मोटरसाइकिल के संबंध में उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनके एक दोस्त की है, जिसे वे मांग कर लाए थे और पुलिस से बचने के लिए उन्होंने वाहन की नंबर प्लेट हटा दी थी ताकि कोई उन्हें पकड़ न सके। पुलिस कार्रवाई और आगे की सुरागकशी पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0- 484/2026 धारा 3/5/25 आम्र्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना कोतवाली नगर पुलिस अभियुक्तों के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज की कड़ियां जोड़ रही है, साथ ही वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है।
मुठभेड़ में शातिर चोर घायल समेत तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।जनपद में किसानों के ट्यूबवेल और विद्युत ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ अभियान के तहत थाना बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से दबोच लिया। इसके अलावा काम्बिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर-एल्युमिनियम के तार, ट्रांसफार्मर की कॉइल, अवैध हथियार, मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से पुलिस ने चोरी के 08 मामलों का सफल अनावरण किया है। थाना बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम क्राउन कट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंदवाड़ा मार्ग पर ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य मौजूद हैं। सूचना पर जब पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुँची, तो वहाँ तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर ईंख के खेतों में घुस गए। पुलिस द्वारा पीछा करने और आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म एवं नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश सहित तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त सलीम उर्फ चैना पुत्र शरीफ, निवासी- ग्राम निराना, थाना छपार/सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर (घायल)। लवकुश पुत्र सुरजीत, निवासी- ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर। सरताज पुत्र मो. जहूर, निवासी- ग्राम व थाना मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर। गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त सलीम उर्फ चैना शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और सिखेड़ा थाने के चोरी गैंग का सक्रिय सदस्य है। जिसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस। ट्यूबवेल से काटे गए तार एवं जले हुए कॉपर के तार। 02 स्टार्टर, 02 क्षतिग्रस्त कंट्रोलर, 01 ट्रांसफार्मर कॉइल व क्षतिग्रस्त कट आउट। 45 पव्वे देशी शराब और 04 पव्वे अंग्रेजी शराब (जो थाना रतनपुरी क्षेत्र के एक शराब ठेके से चोरी की गई थीं)। चोरी करने के उपकरण और 5,000 रुपये नकद।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो मुजफ्फरनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर से विद्युत उपकरण चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता है। गिरफ्तार अभियुक्त सरताज कबाड़ी का कार्य करता है, जिसके पास वे चोरी का सारा सामान बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री, उ0नि0 मोहित चैधरी, उ0नि0 सूर्यप्रताप सिंह, उ0नि0 छविकान्त, है0का0 रोहताश कुमार, है0का0 दीपक कुमार, है0का0 सुनील और है0का0 संजय सिंह, है0का0 अमरदीप सिरोही, है0का0 पुष्पेन्द्र, है0का0 अमित तेवतिया, का0 ललित मोरल, का0 अस्फाक, का0 प्रशान्त सिरोही, का0 ताहिर अली और रि0का0 श्याम सुन्दर।
विकास भवन में किसान सम्मान निधि के हस्तांतरण के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। विकास भवन के सभागार में आज पी. एम.किसान सम्मान निधि की 24 वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18.680 करोड़ रूपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरण एवं कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाईयाँ राष्ट्र को समर्पित करने तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स का शुभारंभ करने के अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक डा.वीरपाल निर्वाल ने मुख्य अतिथि के रूप में यशस्वी प्रधानमंत्री मा.नरेंद्र मोदी जी का बनासकांठा(गुजरात) से सजीव संबोधन सुना और उपस्थित किसानों से संवाद किया । डा. निर्वाल ने कहा कि वर्तमान केंद्र एवं राज्य की सरकार में किसान प्राथमिकताओं के केंद्र में हैं ।किसानों को पर्याप्त संसाधन , बीज ,उर्वरक आदि उपलब्ध कराना और फसलों के लाभकारी मूल्यों के साथ किसान निधि जैसी कल्याणकारी योजनाएं लागू करना सरकार की किसानों के प्रति संकल्पबद्धता है। कार्यक्रम के बीच में ही किसान रामकुमार शर्मा निवासी भोकर हेड़ी के खाते में 2000 रुपए किसान सम्मान राशि के रूप में हस्तांतरित होने का संदेश मोबाइल पर प्राप्त होने पर उन्होंने पी.एम. का धन्यवाद किया । इस कार्यक्रम में लोकदल जिला अध्यक्ष संजय राठी, ए.डी.एम.(एफ)गंभीर सिंह , उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, कृषि विज्ञानिक डा.सविता आर्य, स्टेनो अक्षय शर्मा , भा.ज.पा. के रामकुमार शर्मा सहित अनेक किसान बंधु उपस्थित रहे।
पीईटी परीक्षा कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई
एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। पुुलिस व प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच जनपद में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पीईटी परीक्षा सम्पन्न हुई। पीईटी परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया गया जायजा। जनपद मुजफ्फरनगर में पीईटी परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान द्वारा परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता एवं मुस्तैदी को चेक किया गया तथा संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की नियमानुसार समुचित चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।इसके अतिरिक्त, परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करने हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के0 मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा पीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
आपसी प्रेम और समर्पण से वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाये
-निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जहाँ सतगुरु का पावन आशीर्वाद, प्रेम और आध्यात्मिकता का संगम हो, वहाँ हर मंगलमय पल एक दिव्य अनुभूति बन जाता है। 79वें निरंकारी संत समागम के समापन उपरांत समालखा के पावन मैदानों में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की दिव्य उपस्थिति में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह इसी आध्यात्मिक भावना का सुंदर प्रतीक बना, जहाँ 126 नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर अपने नवजीवन का शुभारंभ किया और सतगुरु से प्रेम, समर्पण एवं सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक जयमाला एवं निरंकारी सांझा-हार से हुआ, जिसे मिशन की प्रधान आदरणीय राजकुमारी जी एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को पहनाकर उनके सुखमय नवजीवन की मंगलकामना की। इसके पश्चात हिंदी में भक्तिमय निरंकारी लावों का गायन हुआ, जिनमें विश्वास, सम्मान एवं समर्पण पूर्ण गृहस्थ जीवन की शिक्षाएँ समाहित थीं। अंत में सतगुरु माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवृष्टि कर उन्हें सुख, शांति एवं आनंदमय जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में नवविवाहित जोड़ों को प्रेरित करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह का भाव केवल एक आयोजन तक सीमित न रहकर जीवन जीने का ढंग बनना चाहिए। पति-पत्नी एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समान रूप से निभाते हुए प्रेम, विश्वास और तालमेल के साथ आगे बढ़ें तथा एक-दूसरे के दो पंख बनकर जीवन की हर परिस्थिति का सामना करें। सतगुरु माता जी ने सेवा, सुमिरन और सत्संग के मार्ग पर परस्पर सहयोग का महत्व बताते हुए प्रेरित किया कि पति-पत्नी एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। विवाह जीवनभर प्रेम, आदर और समर्पण से निभाया जाने वाला पवित्र रिश्ता है, जिसे दोनों परिवारों के आपसी सम्मान और स्नेह से और भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को एक-दूसरे की कमियों को सहजता से स्वीकार करने तथा क्षमा और विनम्रता का भाव बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही, सतगुरु माता जी के परिवार के सदस्य का शुभ विवाह भी इसी सामूहिक सादा शादियों में सम्पन्न हुआ। संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित इस समारोह में सतगुरु माता जी के सान्निध्य में भारत के विभिन्न राज्यों-बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं पश्चिम बंगाल सहित ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और कनाडा से आए नवयुगलों ने सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए इन 126 नवयुगलों का एक साथ परिणय सूत्र में बंधना एकत्व, समानता और वैश्विक भाईचारे की अनुपम मिसाल बना, जहाँ विविधताओं के बीच प्रेम और मानवता का सांझा सूत्र स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इस प्रकार, यह दिव्य आयोजन सादगी, प्रेम और एकत्व का अनुपम प्रतीक बना, जिसने यह संदेश दिया कि सच्चे संबंध विश्वास, समर्पण और मानवीय मूल्यों से सशक्त होते हैं। निसंदेह, सतगुरु के पावन आशीर्वाद से आरंभ हुई इन नवयुगलों की जीवन यात्रा प्रेम और खुशहाली से परिपूर्ण हो, यही इस मंगलमय आयोजन की सुंदर प्रेरणा रही।
लापता बालक का मिला शव
मुजफ्फरनगर। लापता चल रहे बालक का शव गन्ने के खेत मे लावारिस अवस्था मे पडा देख सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवाने के साथ मामले की छानबीन शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गंाव सठेडी निवासी करीब 9 वर्षीय अमन नामक बीती रात अचानक कहीं गायब हो गया था। जिसके सम्बन्ध मे परिजनो ने पुलिस को जब अवगत कराया तो पुलिस ने उक्त मामले मुकदमा कायम करने के साथ टीमे गठित कर बालक की सकुशल बरामदगी के लिए भागदौड शुरू की। पुलिस ने उक्त मामले मे एक आरोपी अरमान पुत्र आजाद निवासी सठेडी को गिरफ्तार कर जब उससे पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गंाव मे गन्ने के खेत मे अमन का शव दबा होने की बात कही। जिस पर पुलिस ने आरोपी अरमान की निशानदेही पर लापता चल रहे अमन का शव जमीन से निकलवाया तथा परिजनो व ग्रामीणो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस उक्त मामले की जांच पडताल मे जुट गई है।
व्यापार बंधु की बैठक समपन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शहर के विकास भवन सभागार में शुक्रवार को व्यापार बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने शहर और व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में सड़कों की बदहाल स्थिति, बिजली और टेलीफोन के बेकार पड़े खंभों, नापतोल विभाग की जांच प्रक्रिया तथा नवीन मंडी स्थल में व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में व्यापारियों ने सड़कों पर बने गहरे गड्ढों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनके कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। शहर की कई सड़कों की खराब स्थिति से व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने संबंधित विभागों से सड़कों की मरम्मत कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा शहर में जगह-जगह टूटे और बेकार पड़े बिजली व टेलीफोन के खंभों का मामला भी उठाया गया। व्यापारियों का कहना था कि अनुपयोगी खंभे और खराब व्यवस्थाएं आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। संबंधित विभागों को ऐसे खंभों को हटाने और व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है। बैठक में नापतोल विभाग की जांच प्रक्रिया को लेकर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर दुकानदारों का कथित उत्पीड़न किया जाता है। उन्होंने मांग की कि विभागीय अधिकारी नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से जांच करें और व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। नवीन मंडी स्थल में गुड़ के पीक सीजन के बावजूद आवक नगण्य रहने का मुद्दा भी व्यापारियों ने प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने बताया कि मंडी में गुड़ की आवक कम हो रही है और बड़ी समस्या यह है कि माल मंडी के बाहर ही उठाया जा रहा है। इससे मंडी की व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। व्यापारी नेता संजय मित्तल ने जीएसटी के तहत परचेज टैक्स जमा करने की जिम्मेदारी के मामले में व्यापारियों को मिली राहत के लिए सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को नियमों और प्रक्रियाओं में राहत मिलने से कारोबार करने में सुविधा होती है। वहीं व्यापारी नेता संजय मिश्रा ने नगर पालिका की सड़कों और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पांच साल की गारंटी वाली सड़कें एक साल में ही टूटने लगती हैं, जो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण के दौरान मौके पर ऐसा सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिस पर ठेकेदार का नाम, मोबाइल नंबर और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले मानकों की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज हो। इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता आएगी और गुणवत्ता की जवाबदेही भी तय हो सकेगी। बैठक में व्यापारियों ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गंभीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराना रहा।
मकान से नकदी, गैस सिलेंडर व सामान चोरी, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बचन सिंह कॉलोनी में देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाते हुए नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बचन सिंह कॉलोनी निवासी ऋषभदेव शर्मा पुत्र श्री भगवान शर्मा ने थाना नई मंडी पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया कि देर रात चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखी नकदी, रसोई से गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की सुरागकशी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में ‘इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग’ विषय पर गतिविधि का आयोजन
मुजफ्फरनगर। एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुजफ्फरनगर में गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के अंतर्गत ब्रेनिऑक्स क्लब द्वारा बीबीए विभाग के विद्यार्थियों के लिए ‘प्रभावशाली व्यक्तित्वों के माध्यम से विपणन’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं रोचक शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल विपणन की अवधारणा, सामाजिक माध्यमों पर प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका, उपभोक्ताओं के खरीदारी संबंधी निर्णयों पर उनके प्रभाव तथा व्यावसायिक जगत में इस विपणन पद्धति के बढ़ते महत्व से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल एवं बीबीए विभागाध्यक्ष श्री राजीव पाल सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान व्यावसायिक परिवेश में डिजिटल तकनीक, सामाजिक माध्यमों और आधुनिक प्रचार पद्धतियों की उपयोगिता के बारे में जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक व्यावसायिक वातावरण में केवल पारंपरिक विज्ञापन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि ग्राहकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचने के लिए डिजिटल मंचों और नवीन विपणन रणनीतियों को समझना भी आवश्यक है। इस गतिविधि की मुख्य समन्वयक सुश्री पूर्वी संगल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावशाली व्यक्तित्वों के माध्यम से विपणन की अवधारणा विस्तारपूर्वक समझाई। उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने बताया कि किस प्रकार सामाजिक माध्यमों पर सक्रिय व्यक्ति, सामग्री निर्माता तथा डिजिटल प्रभावशाली व्यक्तित्व विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, उत्पादों एवं सेवाओं के प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समझाया कि आज दृश्य सामग्री साझा करने वाले मंच, वीडियो प्रसारण मंच तथा अन्य सामाजिक माध्यम व्यवसायों के लिए अपने लक्षित ग्राहकों तक पहुँचने के प्रभावी साधन बन चुके हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीबीए विभाग के शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. आलोक गुप्ता ने इस गतिविधि की जानकारी साझा की।
मुज़फ्फरनगर को मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से बड़ी सौगात
जल निकासी एवं विकास कार्यों के लिए 17 करोड़ स्वीकृत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।विकास प्राधिकरण के तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शासन की मंजूरी; घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव से मिलेगी राहत, नालों के ऊपर बनेंगी सड़कें और होगा चैराहों का सौंदर्यीकरण
मुज़फ्फरनगर। शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जलभराव की समस्या का समाधान करने और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, कपिल देव के निरंतर प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा भेजे गए तीन महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 16 करोड़ 74 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। नगर विधायक एवं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों से तैयार प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद अब इन क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
तीनों स्वीकृत परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है-1. जानसठ रोड से कूकड़ा क्षेत्र तक जल निकासी व्यवस्था कृ 10.20 करोड़
जानसठ रोड से सहावली की ओर जाने वाले मार्ग पर लगभग 500 मीटर लंबे नाले को कवर्ड करते हुए निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही जानसठ रोड से कूकड़ा की ओर पूर्व निर्मित आरसीसी नाले तक लगभग 500 मीटर अतिरिक्त आरसीसी नाले का निर्माण कर उसे जोड़ा जाएगा। इस प्रकार कुल लगभग 1,000 मीटर आरसीसी नाले की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे घनी आबादी के पानी की निकासी बेहतर होगी और नाले को कवर्ड कर सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा भी बढ़ेगी।
2. जीसी पब्लिक स्कूल से गांधी नगर पुलिया तक नाले का निर्माण 4.51 करोड़ घनी आबादी के पानी की निकासी के लिए जीसी पब्लिक स्कूल से गांधी नगर की पुलिया तक लगभग 800 मीटर लंबे बड़े आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने में मदद मिलेगी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, मुज़फ्फरनगर का सुनियोजित विकास, जलभराव की समस्या का समाधान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। शहर के जिन क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहां स्थायी समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लगभग 16.74 करोड़ रुपये की इन तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिलना मुज़फ्फरनगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि इन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सीधा लाभ मिले। विकास कार्यों में गुणवत्ता और जनहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में मुज़फ्फरनगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़क व्यवस्था, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है। मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण के माध्यम से स्वीकृत ये परियोजनाएं शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम करने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मोरना त्रिवेणी शुगर मिल का 2026-27 पेराई सत्र शुरू
मोरना। क्षेत्र स्थित दी गंगा किसान सहकारी चीनी मिल का 2026-27 का नया पेराई सत्र शुक्रवार को औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। मिल परिसर में सत्र के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, प्रधान प्रबंधक वी.पी. पांडेय और मीरापुर विधायक की पुत्री सुप्रिया पाल ने संयुक्त रूप से गन्ना चैप का बटन दबाकर पेराई सत्र शुभारंभ किया। सत्र के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के पहुंचे किसानों ने मिल प्रबंधन के सामने अपनी मांगें रखीं। किसानों ने मांग की कि गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। इसके साथ ही किसानों ने पेराई सत्र के दौरान मिल में बेहतर सुविधाएं और सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।


