वैश्विक

एक दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे अरविंद केजरीवाल, बोले- सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी

राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को एक दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे हैं। इस दौरान केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल ने कहा कि 2022 में होने वाले गुजरात  विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव लड़ने के लिए अभी से तैयारी में जुट गई है।

केजरीवाल ने अहमदाबाद में कहा कि आप गुजरात में 2022 के विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। आप कार्यालय के उद्धाटन से पहले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे केजरीवाल ने कहा कि आप गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के खिलाफ एक भरोसेमंद विकल्प है। गुजरात में जल्द बदलाव होगा।

केजरीवाल ने देश की आजादी और उसके बाद के निर्माण में गुजरातियों के योगदान की भी सराहना की। आप नेता ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में सिर्फ गुजराती नेताओं का ही नहीं, बल्कि गुजराती लोगों का भी अहम योगदान है। देश के स्वतंत्र होने के बाद, सरदार ने 500 से अधिक राज्यों को एकजुट करके सही मायने में देश को एकजुट किया। भारत आज सरदार के योगदान के बिना संभव नहीं होता।

यह दूसरा मौका होगा जब केजरीवाल गुजरात पहुंचे हैं। वह इससे पहले फरवरी में सूरत गए थे, जहां स्थानीय निकाय चुनाव में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी उनकी पार्टी मुख्य विपक्षी दल के तौर पर उभरी थी। सूरत महानगर पालिका चुनाव में आप ने 27 सीट जीतीं थी। वहीं हाल ही में सूरत भाजपा के करीब 300 कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।

बता दें गुजरात दौरे से एक दिन पहले केजरीवाल ने कहा था कि अब गुजरात बदलेगा। केजरीवाल ने ट्वीट किया ‘सोमवार को गुजरात आ रहा हूं, जहां प्रदेश के भाइयों एवं बहनों से मुलाकात होगी।’

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 2 =