वैश्विक

असम विधायक रूपज्योति कुर्मी ने पार्टी छोड़ने का एलान किया

 रूपज्योति कुर्मी का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज सुन नहीं रही।रूपज्योति कुर्मी ने पार्टी से और विधानसभा से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। विपक्षी दल कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका है।

मारिअनी विधानसभा सीट से विधायक कुर्मी ने विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी को यहां उनके कार्यालय में इस्तीफा सौंपा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी अपना इस्तीफा दे चुके हैं। चार बार विधायक रह चुके कुर्मी ने कहा कि वह 21 जून को भाजपा में शामिल होंगे।

रूपज्योति कुर्मी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आलाकमान युवाओं को नहीं सुनना चाहते हैं, इसलिए सभी राज्यों में पार्टी की स्थिति बिगड़ती जा रही है। रूपज्योति कुर्मी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेतृत्व करने में असमर्थ हैं, अगर वह कांग्रेस की कमान संभालते हैं तो पार्टी आगे नहीं बढ़ेगी।

कुर्मी ने कहा कि इस बार असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पास जीतने का अच्छा मौका था। इस बारे में उन्होंने आलाकमान को भी अवगत कराया था, लेकिन पार्टी ने एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन करके सब गड़बड़ कर दिया।

कुर्मी ने आरोप लगाया कि आलाकमान अभी तक बुजुर्ग नेताओं को ही प्राथमिकता देता रहा है। युवाओं की बात वह नहीं सुनना चाहते हैं। इस बीच कांग्रेस ने कुर्मी को ‘‘उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने एक वक्तव्य में कहा कि इस फैसले को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति ने मंजूरी दी है। बोरा ने पूर्व विधायक राणा गोस्वामी की अगुवाई में तीन सदस्यीय दल बनाया है जो मारिअनी क्षेत्र में जाकर वहां राजनीतिक हालात का जायजा लेगा। कुर्मी चाय बागान श्रमिक समुदाय से आते हैं। वह कांग्रेस के मंत्री रह चुके रूपम कुर्मी के पुत्र हैं तथा मरिआनी क्षेत्र से 2006 से चुनाव जीतते रहे हैं।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 − one =