वैश्विक

अमेरिका बात करने की उम्मीद ना रखे, इससे अमेरिका को और अधिक निराशा मिलेगी: किम यो जोंग

 नार्थ कोरिया के शासक किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने साफ़ कर दिया है कि अमेरिका उनके साथ बात करने की उम्मीद ना रखे, इससे अमेरिका को और अधिक निराशा मिलेगी। किम यो जोंग की यह टिप्पणी अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन के बयानों के बाद आई है जिसमें उन्होंने नार्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के एक बयान को दिलचस्प संकेत बताया था।

जोंग उन ने अपने अधिकारियों से कहा था कि वह बातचीत और टकराव दोनों के लिए तैयार रहे। जेक सुलिवन ने किम जोंग उन के बयान पर कहा था कि अमेरिकी प्रशासन इस बात का इंतजार करेगा कि नार्थ कोरिया बातचीत के लिए संभावनाओं को तलाश रहा है या नहीं।

हालांकि किम जोंग उन की बहन ने बातचीत की संभावनाओं को ख़ारिज कर दिया है। नार्थ कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार किम यो जोंग ने कहा कि अमेरिका हालात की व्याख्या स्वयं को दिलासा दिलाने के लिए कर रहा है। साथ ही किम यो जोंग ने कहा कि अमेरिका ने गलत तरीके से अपनी उम्मीद रखी हुई है। इससे अमेरिका को और अधिक निराशा मिलेगी।

किम जोंग उन की बहन ने अमेरिका के साथ कूटनीतिक संबंधों की संभावनाओं को उस समय ख़ारिज किया है जब उत्तर कोरिया मामलों के शीर्ष अमेरिकी राजदूत सुंग किम दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। सियोल दौरे पर सुंग किम ने कहा कि अमेरिका नार्थ कोरिया के साथ कहीं भी, कभी भी और बिना किसी शर्त के साथ बातचीत करने के लिए तैयार था। 

उत्तर कोरिया इस समय खाद्य सामग्री की कमी से जूझ रहा है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने कुछ दिन पहले खाद्य सामग्री की कमी की चेतावनी जारी की है। खाने-पीने की सामान्य चीज़ों के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। उत्तर कोरिया पहले भी भुखमरी का सामना कर चुका है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर कोरिया में दो से तीन महीनों की जरूरत की खाद्य सामग्री का संकट है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + 5 =