वैश्विक

उप मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाए, वे हमें दुखी करके खुद खुश नहीं रह सकते हैं: संजय निषाद

उत्तरप्रदेश में भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव में उपमुख्यमंत्री पद पर अपना दावा ठोंक दिया है। साथ ही उन्होंने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा है कि वे हमें दुखी करके खुद खुश नहीं रह सकते हैं।  निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि आने वाले उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्हें उप मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाए।

साथ ही उन्होंने मंत्रिमंडल और राज्यसभा के लिए भी अपनी दावेदारी ठोंकी। संजय निषाद ने कहा कि अगर भाजपा उन्हें खुश रखेगी तो उन्हें 2022 में ख़ुशी मिलेगी। वे हमें दुखी रखकर खुद खुश नहीं रह सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने समाज के आरक्षण के मुद्दे को लेकर अभी भी संघर्ष कर रहे हैं।

इसके अलावा संजय निषाद ने कहा कि उत्तरप्रदेश में अभी तक सभी जातियों के मुख्यमंत्री बनाए गए हैं  लेकिन 18 प्रतिशत वोट बैंक वाले मछुआरा समाज से कोई मुख्यमंत्री नहीं बना है। इसलिए भाजपा को मछुआरा समाज के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहिए। अगर मुख्यमंत्री पद नहीं दिया जा सकता है तो बीजेपी उन्हें अगले विधानसभा चुनाव में उपमुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर चुनाव लड़े। इससे बीजेपी को निश्चित तौर पर जीत मिलेगी और दोबारा से सरकार बनेगी। 

संजय निषाद ने पहले भी अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाक़ात कर केंद्र और राज्य मंत्रिमंडल में अपनी हिस्सेदारी की मांग की थी। संजय निषाद ने दावा किया है कि प्रदेश में 160 सीटों पर निषाद समाज बहुलता में है। इनमें से कम से कम 72 सीट पर निषाद पार्टी जीत दर्ज कर सकती है. इसलिए निषाद पार्टी को उचित सीट मिलनी चाहिए।   

 पूर्वी उत्तरप्रदेश के इलाके में निषाद समुदाय की अच्छी-खासी आबादी है। पूर्वी उत्तरप्रदेश के अधिकांश विधानसभा सीटों पर निषाद समाज निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। इन्हीं समीकरणों की वजह से योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बन जाने के बाद खाली हुई गोरखपुर सीट पर भाजपा को हराकर संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद ने कब्ज़ा कर लिया था।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 + seven =