उत्तराखंड में फटा बादल, 3 मरे और 4 लापता; मुंबई में बारिश
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला के मंडो गांव में बादल फट गया। राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) के टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर जगदंबा प्रसाद ने समाचार एजेंसी को बताया, घटना के बाद तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता है। वहीं, महाराष्ट्र में सेंट्रल मेन लाइन, हार्बर लाइन और ट्रांस हार्बर लाइन पर अत्यधिक बारिश की वजह से रेल सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
बता दें कि पूरे भारत में मानसून छा जाने के बाद अब अगले एक हफ्ते तक उत्तरी क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जहां यूपी में शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई, वहीं उत्तराखंड में बारिश का कहर टूट रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पूरे उत्तर भारत में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश होगी, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में यह हालात 23 जुलाई तक जारी रहेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में आगे भी भारी बारिश जारी रहेगी। उधर उत्तर-पश्चिम भारत- पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और उत्तरी मध्यप्रदेश में भी 18 से 21 जुलाई तक जबरदस्त बारिश होगी। इसके बाद इन क्षेत्रों में बारिश घटने का अनुमान है।
