SRH vs CSK: चेन्नई ने हैदराबाद को 134 रनों पर रोका
SRH vs CSK: हैदराबाद के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज़ रिद्धिमान साहा ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए. वहीं चेन्नई के लिए जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. इसके अलावा ड्वेन ब्रावो को दो विकेट मिले.इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पिछले मुकाबले में अर्धशतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज़ जेसन रॉय सिर्फ दो रनों पर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान केन विलियमसन भी 11 गेंदो में 11 रन बनाकर चलते बने. रॉय को हेजलवुड ने और विलियमसन को ब्रावो ने आउट किया.
43 रनों पर दो विकेट गिर जाने के बाद चार नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए युवा प्रियम गर्ग. लेकिन वह भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और 10 गेंदो में सात रन बनाकर चलते बहने. उन्हें भी ब्रावो ने पवेलियन भेजा. इसके कुछ देर बाद ही रिद्धिमान साहा भी आउट हो गए. उन्होंने 46 गेंदो में 44 रन बनाए. साहा ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए.
74 रनों पर चार विकेट गिर जाने के बाद अब्दुल समद और अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद की पारी को आगे बढाया. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी की. अभिषेक बड़ी हिट लगाने के चक्कर में 18 रनों पर आउट हो गए. उन्होंने कुल 13 गेंदो का सामना किया और इस दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया. इसके बाद समद भी 14 गेंदो में 18 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने भी एक चौका और एक छक्का लगाया.
अंत में राशिद खान ने दो चौकों की मदद से 13 गेंदो में नाबाद 17 रन बनाए और टीम का स्कोर 130 के पार पहुंचाया. वहीं जेसन होल्डर पांच रन बनाकर आउट हुए. वहीं भवनेश्वर कुमार दो रनों पर नाबाद लौटे.

