Agra News: पार्क में बैठे जोड़ों से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने की बदसलूकी, हुआ केस दर्ज
Agra News: पुलिस ने सोमवार को ‘Valentine Day के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों पर जोड़ों से बदसलूकी के आरोप में बजरंग दल (Bajrang Dal) के कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. वायरल हुए वीडियो में महिलाओं समेत संगठन के कार्यकर्ता पार्क में पहुंचकर कथित तौर पर लड़के-लड़कियों के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं.
आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि ‘शहर में बजरंग दल के सदस्यों द्वारा लड़के-लड़कियों के साथ बदसलूकी किये जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई. हरिपर्वत पुलिस थाना अंतर्गत पालीवाल पार्क में कुछ लड़के-लड़कियां बैठे थे. बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उनके साथ बदसलूकी की. संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.’
कि हिंदूवादी संगठनों ने वेलेंटाइन डे के एक दिन पहले यानी 13 फरवरी को विरोध करने की धमकी दी थी. बजरंग दल ने पार्कों में मिलने वाले जोड़ों की शादी करवाने का ऐलान किया था. उन्होंने यह भी कहा था कि लड़का-लड़की के माता-पिता को बुलाया जाएगा और उसकी शादी करवाई जाएगी.
इसके अलावा अखिल भारत हिन्दू महासभा ने पुतला दहन के बाद पार्कों में छापेमारी कर मिलने वाले जोड़ों के मुंह पर कालिख पोत गधे पर बैठाने की धमकी भी दी थी इसी को देखते हुए पार्कों पर पुलिस की तैनाती की गई है.

