पंचमहोत्सव दीपावली के चौथे दिन अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया
मुजफ्फरनगर। पंचमहोत्सव दीपावली के चौथे दिन रविवार को सभी घरों में गोबर के कूट बनाकर उनकी पूजा अर्चना हुई। मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद का वितरण हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अन्नकूट के प्रसाद को ग्रहण किया। विद्वानों का मानना है कि अन्नकूट जैसे कार्यक्रम जात-पात, छोटा-बड़ा, ऊंच-नीच, छूआछूत का भेदभाव मिटाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से आपसी प्यार मोहब्बत, भाईचारा, शांति, एकता को बढ़ावा मिलता है।
नई मंडी स्थित गऊशाला में रविवार को गोवर्धन पूजा हुई। पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु मौजूद रहे। गोवर्धन महाराज की प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजाया गया। गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इससे पूर्व गोवर्धन पूजा के लिए विधि-विधान से हवन हुआ। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारीगण मौजूद रहे और धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कोरोना के चलते सोशल डिस्टेन्स का पूरा ध्यान रखा गया।
वहीं नई मंडी बिंदल बाजार स्थित माता वाले मंदिर में अन्नकूट का भंडारा हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद सिंघल, वरिष्ठ पदाधिकारी मनमोहन सिंघल, मुकेश छारिया, प्रमोद सिंघल, मन्दिर के मुख्य पुजारी पंडित सुधाकर भारद्वाज आचार्य, संतू पंडित, अखिलेश आदि की उपस्थिति में प्रसाद का वितरण हुआ।
इसी प्रकार नगर के विभिन्न मंदिरों में भगवान को भोग लगाने के बाद प्रसाद का वितरण हुआ। मंदिरों में अन्नकूट के कार्यक्रम हुए। अन्नकूट के रूप में कढ़ी चावल, मिश्रित सब्जियां, पूरी आदि बनाकर उनका वितरण हुआ।
रेशू विहार, लक्ष्मण विहार, एसडी न्यू मार्केट स्थित शिव मंदिर, नवीन मंडी स्थल स्थित शिव मंदिर, भरतिया कालोनी स्थित माता राजरानी मंदिर, गणेश धाम मंदिर, बालाजी धाम मंदिर, शिवचौक, आदर्श कालोनी स्थित मंदिर, अग्रसैन विहार कालोनी खाटू श्याम शिव दुर्गा मन्दिर, महावीर चौक स्थित नहरवाई कालोनी के शिव मन्दिर मे तथा दुर्गा मन्दिर ब्रह्मपुरी, कृष्णापुरी, गांधीनगर स्थित मंदिर, श्यामाश्याम मंदिर, गांधी कालोनी स्थित मंदिर समेत शहर के अधिकांश मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद का वितरण हुआ।
श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सभी मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद वितरण के दौरान सोशल डिस्टेन्सिंग का विशेष ध्यान रखा गया और संबंधित थाना पुलिस गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रही। पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल के निर्देशों के चलते विभिन्न मंदिरों के आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखा गया।

