ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल में “ग्रेन फिएस्टा”
ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल नई मंडी में ‘ग्रेन फिएस्टा – 2019’ धूमधाम से सम्पन्न हुआ | इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि डॉ० सुभाष चन्द्र शर्मा चेयरमैन, बोर्ड ऑफ़ आयुर्वेदिक व यूनानी तिब्बी सिस्टम्स ऑफ़ मेडिसिन्स, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विशिष्ट अतिथि डॉ० पी० एस० मिश्रा, सी० एम० ओ०, मुज़फ्फरनगर व डॉ० एम० पी० सिंह सर्किल हैड, सर्किल ऑफिस, पी० एन० बी० मुज़फ्फरनगर के विद्यालय प्रांगण में पहुँचने पर अध्यक्ष श्री मिलिन्द अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री महेशचन्द गर्ग, प्रबन्धक श्री विनोद संगल, सह प्रबन्धक डा० अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष श्री नवीन कुमार, प्रधानाचार्य आजाद वीर, कोर्डिनेटर आशीष कुमार त्यागी, एवं श्रीमती सुतोपा बोस द्वारा गुलदस्ते भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया गया |
विद्यालय के छात्र – छात्राओं ने स्कूल बैण्ड द्वारा एक मधुर धुन की प्रस्तुति देकर आने वाले अतिथियों का स्वागत किया | कार्यक्रम का शुभारम्भ वन्दे मातरम् व देव आह्वान के साथ मुख्य अतिथि डॉ० सुभाष चन्द्र शर्मा, व विशिष्ट अतिथि डॉ० पी० एस० मिश्रा व डॉ० एम० पी० सिंह के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन् से हुआ |
प्रधानाचार्य आजाद वीर ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का परिचय कराते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की | शिक्षा सत्र 2018-19 के सी० बी० एस० ई० के कक्षा दसवीं व बारहवीं कक्षाओं के मेधावी छात्र – छात्राओं को गोल्ड मेडल एवं नकद धनराशि का पुरस्कार प्रदान कर अलंकृत किया गया | कक्षा प्री नर्सरी से लेकर ग्यारहवीं कक्षाओं तक के मेधावी छात्र – छात्राओं को भी स्मृति चिह्न व प्रशस्ति – पत्र देकर सम्मानित किया गया |
विद्यालय के छात्र – छात्राओं ने अपने जज्बे एवं जोश से अनेक शिक्षाप्रद, मनोरंजक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिनमें धर्म- कर्म की लीला, साबरमती संत, जश्न पंजाब दा, इंडियन गैलोर, गर्बदीप, इंडियन राइजिंग, शहीद ए आजम, सोल्जर प्राइज, लेट में फ्लाई टू स्काई, आखिरी खत, नाटिका का सुन्दर मंचन प्रस्तुत कर भारतीय सांस्कृतिक व कला दर्शन से अवगत कराया | सभी कार्यक्रमों में भारतीय परम्पराओ, संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रवाद के महत्व एवं मूल्यों की स्पष्ट झलक दिखाई दी | इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्य व विशिष्ट अतिथि ने अपने – अपने वक्तव्य में कहा कि बच्चों के सर्वागींण एवं कौशल विकास के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम होने से उनके चारित्रिक व्यक्तित्व में निखार आता है, साथ ही साथ पारस्परिक सहयोग व प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है |उनमें देश की स्वतन्त्रता के लिए अपना बलिदान एवं सर्वस्व न्यौछावर करने वाले देश भक्तों और देश की रक्षा करने में अपनी जान की बाजी लगाने वाले वीर सैनिकों के बलिदान से राष्ट्रवाद की भावना पल्लवित होती है, उन्होंने बच्चों की भाव – भीनी व मनमोहक प्रस्तुतियों देखते हुए अपने मुक्त कंठ से खूब सराहा |
प्रबन्धक श्री विनोद संगल ने मुख्य व विशिष्ट अतिथि, आमंत्रितगण, अभिभावकों, मीडिया, शिक्षकों, समस्त ऑफिस स्टाफ, चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी, विद्यालय के गार्ड व गनमैन आदि सभी का कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया |
कार्यक्रम का संचालन कु० हर्षिता मिश्रा, विद्यालय के छात्र- छात्राएँ कार्तिक जैन, दिव्यांशु धीमान, प्रांकुश, नित्या कुमार, सोनल जैन, नन्दिनी एवं देवांशी द्वारा किया गया | इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी अध्यापक व अध्यापिकाओं का योगदान सराहनीय रहा | राष्ट्रगान के साथ इस मनोहारी सांस्कृतिक संध्या का समापन हुआ |
