Badaun News: पुरानी रंजिश में दो पक्षों ने बरसाई गोलियां, 3 लोगों की मौत
Badaun News: जिले में पुरानी रंजिश में बुधवार (22 फ़रवरी) दो पक्षों में जमकर गोलियां चली। इस गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई। सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। इस खूनी संघर्ष में जहां तीन लोगों की जान गई, वहीं 4 लोग घायल हो गए। पूरा विवाद खेत में पानी, खाद देते समय हुआ। बदायूं पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिले के एसएसपी ओपी सिंह (SSP OP Singh) घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया। ये मामला जरीफनगर थाने के भगता नगला का है।
बदायूं जिले के जरीफनगर थाने के भगता नगला में दोपहर गोलियों की आवाज़ से दहल उठी। चारों ओर चीख-पुकार ने माहौल को भयाक्रांत कर दिया। ख़बरों के अनुसार, गांव के अमर सिंह और महिपाल के बीच पुरानी रंजिश थी। दोपहर के वक़्त दोनों पक्ष खेत पर मौजूद थे। इसी बीच किसी बात पर दोनों में तनातनी हो गई। बातचीत गालियों में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद फायरिंग शुरू हो गई। एक गोली में अमर सिंह के भाई रेशम पाल (30 वर्ष), महिपाल के बेटे जयप्रकाश (15 वर्ष) और उसके भतीजे सत्येंद्र (22 वर्ष) को जा लगी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस गोलीबारी में अमर सिंह, उसके भाई राधेश्याम (25 वर्ष), महिपाल और महिपाल का भतीजा हरिओम (24 वर्ष) घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एसपी देहात अजय प्रताप और सीओ भी मौके पर पहुंच चुके हैं।

