वैश्विक

जिंदगी की जंग: यह नाक की नहीं, नाश की लड़ाई है- बोले टिकैत

 सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन किसान आंदोलन के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने संसद में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी बीच किसान आंदोलन का प्रमुख चेहरा बन चुके किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि यह नाक की लड़ाई नहीं है, बल्कि नाश की लड़ाई है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह जिंदगी की जंग है।

दरअसल आजतक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में जब एंकर अंजना ओम कश्यप ने किसान नेता राकेश टिकैत से सवाल पूछा कि आपने इसे नाक की लड़ाई क्यों बना लिया है। इसपर जवाब देते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि ये नाक की लड़ाई नहीं है बल्कि ये तो हमारे नाश की लड़ाई है। हम जिंदा कैसे रहेंगे, यह उसकी लड़ाई है। गांव कैसे रहेंगे, यह उसकी लड़ाई है। जिस हिसाब से बाजार बढ़े हैं, उसी हिसाब से हमारी भी कीमतें बढ़नी चाहिए।   

इसके अलावा जब एंकर अंजना ओम कश्यप ने कहा कि अब तो 15 अगस्त भी आने वाला है। आपको भी पता है कि सीधे सीधे कानूनों की वापसी तो नहीं होगी लेकिन प्रावधानों पर बात जरूर होगी तो आखिर कैसे इसका रास्ता निकलेगा। इसपर जवाब देते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि 15 अगस्त आएगा तो हम झंडा फहराएंगे। इसपर एंकर ने कहा कि वो तो प्रधानमंत्री फहराएंगे। तो राकेश टिकैत ने कहा कि क्या इस देश का किसान तिरंगा झंडा नहीं फहरा सकता है। हम तो दिल्ली की जमीन पर झंडा फहराएंगे।

 

गौरतलब है कि मानसून सत्र के दौरान किसानों ने संसद कूच का ऐलान किया है। साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी विपक्षी दलों के सांसदों के लिए ‘पीपुल्स व्हिप’ जारी किया है। व्हिप में उनसे सदन से वॉकआउट नहीं करने को कहा गया है। सांसदों को सदन में रहकर तीनों कृषि कानूनों का विरोध करने को कहा गया है। सोमवार को मानसून सत्र के दौरान इस पीपुल्स व्हिप का असर भी दिखा। विपक्षी सांसदों ने कृषि कानून सहित कई मुद्दों पर सदन के अंदर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

बता दें कि किसान आंदोलन को 7 महीने से भी अधिक होने के बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। जनवरी महीने के बाद से ही किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है। केंद्र सरकार ने आखिरी मीटिंग में तीनों कानूनों को डेढ़ साल तक निलंबित करने का प्रस्ताव भी दिया था लेकिन किसान संगठनों ने इसे नामंजूर कर दिया था। 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 + 13 =