Budaun: आहिल हत्याकांड का खुलासा, कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका ही मामा
Budaun मासूम आहिल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है. आहिल का कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका ही मामा है. इस हत्याकांड का पुलिस व सर्विलांस टीम ने मंगलवार को वर्कआउट कर दिया है. अफसरों का दावा है कि आरोपी ने मासूम के साथ कुकर्म की कोशिश की थी. बच्चे के विरोध समेत उसकी शिकायत परिजनों से करने की धमकी देने पर वह बौखला गया और उसकी गला दबाकर हत्या कर डाली. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
कोर्ट में पेश करने से पहले आरोपी को पुलिस ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के सामने पेश किया. यहां पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी ने प्रेसवार्ता के माध्यम से घटनाक्रम का अनावरण किया है. एसएसपी ने बताया कि 24 जून को उझानी कोतवाली इलाके में बाईपास पर मक्के के खेत में आठ साल के मासूम का शव मिला था. उसके कपड़े पास में पड़े थे. शव की शिनाख्त कुछ देर बाद सरवर कुरैशी निवासी काशीराम कालोनी के बेटे आहिल के रूप में हुई.
परिजनों ने बताया कि आहिल 23 जून की शाम से लापता था. वहीं किसी से रंजिश की बात से परिजनों ने इंकार कर दिया. नतीजतन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व लाश छिपाने का मुकदमा कायम कर तफ्तीश शुरू कर दी. एसएसपी ने तफ्तीश में सर्विलांस सेल को भी जुटा दिया.
टीम ने घटनास्थल के आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता लगा कि आहिल को एक शख्स अपने साथ ले जा रहा है. हालांकि उस शख्स का चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका. बाद में उन वीडियो को साफ किया गया तो कद काठी के आधार पर पुलिस ने उसके मामा समीर उर्फ लल्ला निवासी मोहल्ला बहादुरगंज मानकपुर रोड कस्बा व थाना उझानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वो टूट गया और गुनाह कबूल लिया.
Budaun पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह तकरीबन 15 साल अपने बहनोई के घर पर रहता है और मंडी में पल्लेदारी का काम करता है. घटना वाले दिन आहिल बाजार में बिरयानी खाने गया था, वहां आरोपी पीछे से पहुंचा और उसे चिप्स व कुरकुरे दिलाने के बहाने अपने साथ खेत में ले गया और वहां उसके साथ कुकर्म की कोशिश की. बच्चे ने शोर मचाया और अपने माता-पिता के पास जाकर शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसका गला दबाकर मार दिया.
Budaun पुलिस के सामने आरोपी ने यह भी कबूला कि पहले उसने मासूम की लाश इलाके में ही राजनगर गेट के पास अधबने मकान में छिपाई थी, जबकि इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर उसकी तलाश का ड्रामा करता रहा. बाद में मौका पाकर लाश खेत में फेंक दी. इस आधार पर पुलिस ने मुकदमे में कुकर्म का प्रयास व पाक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं.

