खेल जगत

बल्लेबाजी को लेकर सोशल मीडिया पर छाए चाहर: लोग मुझे ऑलराउंडर मानें या ना मानें इससे फर्क नहीं पड़ता

तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि उनकी बल्लेबाजी से शीर्ष क्रम के बैट्समैन का हौसला बढ़ेगा. चाहर ने कहा कि वह ऑलराउंडर का टैग या टी-20 विश्व कप में सिलेक्शन को लेकर चिंतित नहीं हैं. लगातार वह अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने पर फोकस कर रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में नाबाद 69 रन बनाकर चाहर ने टीम को मैच जिताया था.  

दीपक चाहर की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद युवराज सिंह और रोहित शर्मा समेत तमाम दिग्गज उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में बेहद मुश्किल समय में टीम इंडिया को जीत दिलाई थी. सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे हैं. 

दीपक चाहर ने कहा, “लोग मुझे ऑलराउंडर मानें या ना मानें इससे फर्क नहीं पड़ता. लेकिन जो बल्लेबाज मेरे साथ होगा उसे यह भरोसा होगा कि मैं उसे सपोर्ट कर सकता हूं. अगर मैं दूसरे वनडे की स्थिति में बल्लेबाजी कर रहा हूं तो यह जरूरी है कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को पता हो कि यह बल्लेबाज मैच जिताने में मदद कर सकता है.” उन्होंने कहा, “मैंने अपनी बल्लेबाजी पर कड़ी मेहनत की है. मेरे पिता मेरे कोच थे, जब मैं उनसे बात करता हूं और अगर हमारे बीच 10 मिनट बात होती है तो उसमें से छह-सात मिनट बल्लेबाजी पर बात होती है.”

चाहर महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में खेलते हैं. उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान के लिए कहा कि धोनी का उनपर काफी प्रभाव रहा है. चाहर ने कहा, “धोनी का सिर्फ चेन्नई पर ही प्रभाव नहीं है. मैंने उन्हें बचपन से देखा है. जब भी हम उनसे बात करते हैं वह हमेशा कहते हैं कि हमें खेल को अंत तक ले जाने की जरूरत है. अगर मैच अंत तक खिंचेगा तो यह मजेदार होगा और लोग इसका आनंद लेंगे.”

दीपक चाहर ने कहा कि उन्हें राहुल द्रविड़ से काफी फायदा हुआ है, जो श्रीलंका में सीमित ओवरों की टीम के कोच हैं. उन्होंने कहा, “टी20 विश्व कप थोड़ा दूर है। चयन हमारे हाथ में नहीं है. सिर्फ प्रदर्शन करना हमारे हाथ में है. मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे अपनी बल्लेबाजी सुधारने का मौका मिला. मैं बल्लेबाजी करने के लिए अवसर की तलाश कर रहा था.”

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21452 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen + 15 =