कोरोना संक्रमण: शादियों की बुकिंग कैंसिल होने से भारी नुकसान
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी में कोरोना संक्रमण वैवाहिक कार्यक्रमों पर बुरा असर डाल रहा है। शादियों के सीजन में कमाई करने वाले लोगों को बुकिंग कैंसिल होने से बहुत नुकसान हो रहा है। जिन घरों में शादी है वहां रिश्तेदारों के आने से मना करने पर मायूसी छाई है।
कोविड-१९ की दूसरी लहर ने देश-दुनिया को हिलाकर रख दिया है। तेजी से फैल रहे संक्रमण और लगातार बढ़ रहे मौत के आंकड़ों ने देश को हिलाकर रख दिया है।
ऐसे में सरकार ने सार्वजनिक कार्यक्रमों व शादी समारोहों आदि में लोगों की संख्या सीमित कर दी है। सीमित कार्यक्रम होते ही शादी करने वाले परिवारों में समस्याएं खड़ी हो गई।
नाइट कर्फ्यू के कारण रात वाली शादियां दिन में बदली गई। आदमी कम होते ही काफी घरों में छपवाएं गए कार्ड धरे रह गए। संक्रमण की चपेट में आने के डर से काफी रिश्तेदार आने से मना करने लगे।
ऐसे में विवाह करने वालों ने बैंक्वेट हाल, बसें, बैंड व डीजे आदि की बुकिग धड़ाधड़ कैंसिल या छोटी करनी शुरू कर दी।
ट्रांसपोर्टर विजय शर्मा, विनोद त्यागी व राशिद आदि ने बताया कि महीनों पहले बुकिग करने वालों ने समय पर गाड़िया नहीं मंगाई, जिससे काफी नुकसान हुआ है। कैटरिग का काम करने वाले ब्रज किशोर गुप्ता ने बताया कि कोरोना के कारण शादी-ब्याह के सीजन में काफी नुकसान हुआ है।

