Mainpuri तालाब में मिली मीट विक्रेता की लाश
Mainpuri के बेवर पुराना बाजार निवासी मीट विक्रेता का शव रविवार की सुबह धनकरी तालाब में मिला। लाश को देख कर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुराना बाजार निवासी मुकेश कुमार चक गग्गरपुर नहर पुल के पास मीट बेचता था। लोगों के अनुसार वह शराब पीने का आदी था। शनिवार को वह मीट बेचने के लिए दुकान पर गया था। शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसका कोई पता नहीं चला। मुकेश का पता नहीं चलने पर परिवार के लोग रात में ही घर लौट गए।
रविवार की सुबह लोगों ने मोहल्ला धनकारी के तालाब में एक शव पड़ा देखा। मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकालकर उसकी पहचान कराई तो शव मुकेश कुमार चक का पाया गया।
जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देख परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी विदेश कुमार त्यागी का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
