गंगा मे डूब जाने से दीपक व राजीव की मौत, गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार
मुजफ्फरनगर। गमगीन माहौल के बीच सपा नेता के दोनो सालों का नई मन्डी भोपा रोड स्थित शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। विदित हो कि नई मन्डी पचैण्डा रोड निवासी वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा के दो साले करीब 38 वर्षीय दीपक कुमार व 32 वर्षीय राजीव कुमार पुत्रगण देवीदयाल शर्मा अपने कुछ दोस्तो के साथ नहाने के लिए गये थे।
जहां पर हादसे के तहत गंगा किनारे नहाते वक्त दीपक,राजीव और आदित्यदेव गंगा की तेज धाराओं मे ओझल हो गए। इस दौरान गंगा मे डूब जाने से दीपक व राजीव की मौत हो गई।
गंगा मे नहाते वक्त दो सगे भाईयो राजीव व दीपक की मौत की दुखद खबर से शहर मे शोक छा गया। कई गणमान्य लोगो एवं राजनीतिज्ञो ने सपा नेता राकेश शर्मा से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
वहीं दूसरी और आज दीपक व राजीव का शव मुजफ्फरनगर पहुंचे। दोपहर के वक्त भोपा रोड स्थित शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान विभिन्न राजनैतिक,सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओ से जुडे पदाधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि सपा नेता राकेश शर्मा के दो सगे साले अपने कुछ दोस्तों के साथ ऋषिकेश गंगानदी में नहाने के लिये गये थे। थाना मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे शिवपुरी के यूसुफ बीच पर दिनेश गौतम (५७) पुत्र ज्योति प्रसाद, निवासी ९३९ संजय मार्ग, गांधीनगर, नई मंडी मुजफ्फरनगर, मंजुल मनोहर (३८) पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा निवासी बी-४२, राम विहार जौहरीपुर एक्सटेंशन नई दिल्ली, दीपक कुमार शर्मा (३८) पुत्र देवीदयाल शर्मा, राजीव कुमार शर्मा (३२) पुत्र देवीदयाल शर्मा, निवासी अंकित विहार, पंचेडा रोड, निकट अनिल विधायक आवास, नई मंडी मुजफ्फर नगर और आदित्य देव (३६) पुत्र ज्ञानप्रकाश मकान नंबर २०४७, संतोष विहार, सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर गंगा में नहा रहे थे।
इस दौरान दीपक, राजीव और आदित्यदेव गंगा की तेज धाराओं में बह गए। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ के जवानों ने यहां से कुछ ही दूरी पर दीपक कुमार और राजीव के शव को बरामद किया, लेकिन आदित्य देव का कोई सुराग अभी तक नहीं लग सका है। एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।

