पुरकाजी: स्फटिक शिवलिग की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी कस्बे के बालाजी धाम परिसर स्थित शिव मंदिर में स्फटिक शिवलिग की स्थापना होने जा रही है।
मंदिर के संस्थापक पंडित घनश्याम दास शर्मा का दावा है कि यह देश का चौथा स्फटिक शिवलिंग होगा। लाखों की कीमत के शिवलिग की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
मंदिर से टीम शिवलिग लेने के लिए जयपुर जा रही है। कस्बे की सत्य विहार कालोनी में स्थापित बालाजी धाम मंदिर परिसर में ही गत वर्ष से शिव मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। अगस्त माह से शुरू हुआ काम पूरा होने के कगार पर है। मंदिर में स्फटिक शिवलिग को स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
मंदिर के संस्थापक पंडित घनश्याम दास शर्मा ने बताया कि पूरे भारत में तीन जगहों दक्षिण भारत के रामेश्वरम, बिहार के गयाजी और जम्मू के रघुनाथ मंदिर में स्फटिक शिवलिग स्थापित है।
श्री बालाजी धाम मंदिर सेवा समिति की ओर से निर्माणधीन श्री शिव मंदिर में शिवलिग स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लाखों की कीमत का शिवलिग जयपुर में बर्फ के भीतर तैयार किया जा रहा है।
मंदिर से एक टीम उनके सान्निध्य में शिवलिग लेने के लिए जयपुर जा रही है। अनोखे शिवलिग की स्थापना का पता चलने पर मंदिर से जुड़े कई राज्यों व जिलों के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

