मुनीम हत्याकांड का खुलासाः आरोपी गिरफ्तार,एक तमंचा, कारतूस व मृतक का मोबाइल फोन बरामद
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र में विगत 20 अगस्त को मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे लूट कारण थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस व मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
गौरतलब है कि विगत 19 अगस्त को लक्सर रोड पुरकाजी निवासी मयंक कुमार पुत्र सुनील कुमार लापता हो गया था। 20 अगस्त को उसका शव एक लकड़ी की टाल के पास मिला था।
पुलिस इस हत्या की गुत्थी सुलझाने के प्रयास कर रही थी। एसपी क्राइम ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मयंक सेठपुरा भट्टे पर मुनीम था।
जहां राजा उर्फ शमीम पुत्र गफ्फार निवासी जोगावाला खानपुर जिला हरिद्वार ड्राइवर का काम करता था। राजा को किसी तरह मालूम चला कि मयंक के पास पचास हजार रूपये आये है
उसने अपने साथी वाजिद निवासी हरिद्वार के साथ मिलकर मयंक की हत्या की योजना बनायी और उसकी हत्या कर नकदी लूट ली।
पुलिस ने राजा उर्फ शमीम को एक तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर राजा के घर में दबा हुआ मृतक मयंक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने पकडे गये राजा को जेल भेज दिया है और वाजिद की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
