देहरादून के प्रापर्टी डीलर हत्याकांड के चार आरोपितों पर लगाई गैंगस्टर
मुजफ्फरनगर। देहरादून के प्रापर्टी डीलर पंकज सिंह हत्याकांड में शामिल चार आरोपितों पर खतौली थाना पुलिस ने गैंगस्टर लगाई हैं। प्रापर्टी डीलर की आठ फरवरी को गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।
उसका शव मीरापुर रोड पर गंगधाड़ी पुलिस सहायता केंद्र के बराबर में फार्च्यूनर कार से बरामद हुआ था।बतादें कि आठ फरवरी को आदर्श विहार, नत्थनपुर थाना नेहरू कालोनी देहरादून निवासी प्रापर्टी डीलर पंकज सिंह पुत्र राजाराम की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।
मीरापुर रोड पर गंगधाड़ी पुलिस सहायता केंद्र के बराबर में फार्च्यूनर कार से उसका शव बरामद हुआ था। हत्यारे शव को फार्च्यूनर कार में बंद करके भाग गए थे।
पुलिस ने शीशा तोड़कर शव कार से निकाला था। कार से 315 बोर का एक तमंचा भी बरामद हुआ था। पंकज की पत्नी अंशुल ने देहरादून निवासी कुख्यात जितेंद्र उर्फ जित्तो पर रंगदारी न देने पर पंकज के साथी योगेंद्र उर्फ रोजी पुत्र विशंबर नत्थनपुर नेहरू कालोनी देहरादून, रामवीर पुत्र राजपाल गांव कासमपुर भूमा थाना मीरापुर, जितेंद्र रावत पुत्र लखपत नत्थनपुर नेहरू कालोनी देहरादून से हत्या करवाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपित को गिरफ्तार जेल भेजा था, जबकि दो आरोपितों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि प्रापर्टी डीलर पंकज सिंह हत्याकांड के चारों आरोपितों को गैंगस्टर में निरुद्ध किया गया है। उनका सुसंगठित गिरोह और हत्या व जघन्य अपराधों में संलिप्त है। लोगों में उनका भय व्याप्त है।

