Tropical Cyclone Biparjoy से गुजरात में भारी तबाही, 524 से अधिक पेड़ और बिजली के खंभे गिरे
गुजरात के राहत आयुक्त आलोक सिंह ने कहा कि साइक्लोन बिपरजॉय के कारण लगभग 22 लोग घायल हो गए हैं. अभी तक किसी के मरने की खबर नहीं है. 23 जानवरों की मौत हो गई है, 524 पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे 940 गांवों में बिजली नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में नलिया से 30 किमी उत्तर में केंद्रित था.
इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और 16 जून की सुबह तक कमजोर पड़ने की उम्मीद है और उसी शाम तक दक्षिण राजस्थान में भारी बारिश होने की उम्मीद है. आईएमडी ने आज गुजरात और राजस्थान में बहुत ज्यादा बारिश को लेकर रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है.
गौरतलब है कि कई दिनों से अरब सागर के ऊपर बना चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाके में पहुंच चुका है और इससे ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. पश्चिम रेलवे ने कहा कि गुजरात के बिपरजॉय प्रभावित इलाकों से चलने वाली, आरंभ होने वाली या खत्म होने वाली लगभग 99 ट्रेनें रद्द या कम समय के लिए निलंबित रहेंगी.
गुरुवार को गुजरात के तटीय इलाकों में Tropical Cyclone Biparjoy के आने के बाद द्वारका में पेड़ उखड़ गए और होर्डिंग्स गिर गए. साइक्लोन बिपरजॉय के मद्देनजर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार सुबह गांधीनगर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की.

