गर्मी से जीना हुआ मुहाल
मुजफ्फरनगर। गर्मी का सितम जरा भी कम नहीं पडा है इसका मुख्य कारण यह भी है कि मानसून अबकी बार देरी से बताया जा रहा है जिस कारण उमस दिन प्रतिदिन बढ रही है हैरत की बात तो यह है कि दिन के साथ रात्रि का भी तापमान कम नहीं हो रहा है। इससे उमस बढ़ने के साथ हवाएं गर्म महसूस हो रही है। तापमान में बढ़ोतरी के कारण बिजली के भी नखरे हो गए हैं। लो-वोल्टेज आने के कारण कूलर, पंखे नहीं चल पा रहे हैं। मंगलवार को भी उमसभरी गर्मी रही, इसके चलते हाल-बेहाल हो गया। दोपहरी में चिलचिलाती धूप रहने के कारण लोग पसीने से तर हो गए। गर्मी के आगे सड़क, बाजारों के साथ प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा पसर गया। गर्मी से राहत के लिए इंतजामों पर बिजली कटौती भारी पड़ रही है।
भीषण तापमान में ट्रांसफार्मर ओवरलोड़ हो गए हैं। ऐसे में विद्युत निगम अघोषित कटौती कर बिजली आपूर्ति कर रहा है। दिन और रात्रि के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं चल रहा है। रात्रि का तापमान भी औसत से अधिक बना है, इससे दिन में अधिक गर्मी महसूस हो रही है। गर्म हवाएं और आसमान पूरी तरह से साफ है। जिस कारण धूप चटक दिख रही है। तीन से चार जुलाई तक तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। उसके बाद बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार है। दिन तो जैसे-तैसे कर गुजर रहा है, लेकिन रात्रि अधिक घातक हो रही है।
रात्रि में विद्युत आपूर्ति अधिक परेशान कर रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ गांवों में भी विद्युत लोड़ बढ़ रहा है। इससे हालात बेकाबू हैं। रात को भी करीब तीन बार एक-एक घंटे का कट लेकर आपूर्ति की गई है। भीषण गर्मी का असर सड़क और रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। दोपहर में रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर सन्नाटा पसरा रहा। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के चलते यात्रियों की संख्या सामान्य स्तर पर नहीं है।