भारतीय अधिकारियों को जाधव से मिलने के लिए बिना शर्त प्रवेश नहीं दिया
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय अधिकारियों को जाधव से मिलने के लिए बिना शर्त प्रवेश नहीं दिया गया। इसके साथ ही, पाकिस्तानी अधिकारी जाधव और भारतीय अधिकारियों की मुलाकात के दौरान उनके काफी करीब मौजूद रहे।
मंत्रालय ने बताया कि भारतीय पक्ष की ओर से इस पर आपत्ति जताने के बाद भी पाकिस्तानी अधिकारी वहां से नहीं हटे। विदेश मंत्री ने इन घटनाक्रमों से कुलभूषण जाधव के परिवार को अवगत कराया है।
It was also evident from a camera that was visible that the conversation with Jadhav was being recorded. He was visibly under stress & indicated that clearly to the Consular Officers. The arrangements did not permit a free conversation between them: MEA https://t.co/NkmsBAHIrd
— ANI (@ANI) July 16, 2020
मंत्रालय ने कहा कि मुलाकात के स्थान पर लगे दिख रहे कैमरे से भी यह स्पष्ट होता है कि जाधव और भारतीय अधिकारियों के साथ हो रही बातचीत को रिकॉर्ड किया जा रहा था।
कुलभूषण जाधव स्पष्ट तौर पर तनाव में थे और उन्होंने इस बात के भारतीय अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दिए थे। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से की गई व्यवस्थाओं ने एक मुक्त संवाद की अनुमति नहीं दी।
मंत्रालय ने बताया कि ऐसी स्थितियों में भारतीय राजनयिक अधिकारी इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि पाकिस्तान द्वारा उपलब्ध कराई गई राजनयिक पहुंच न तो सार्थक थी और न ही विश्वसनीय थी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय अधिकारी पाकिस्तान के इस रुख पर विरोध जताने के बाद वहां से चले गए।
मंत्रालय ने कहा कि यह साफ है कि इस मामले में पाकिस्तान का रुख समस्या पैदा करने वाला और असंवेदनशील है। पाकिस्तान ने न केवल अपनी ही बात से पलटा है बल्कि उसने इस मामले में साल 2019 में अंतरराष्ट्रीय अदालत द्वारा दिए गए फैसले का पूरी तरह पालन करने के आश्वासन का भी उल्लंघन किया है।
जासूसी के आरोप में पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान ने गुरुवार को दूसरी बार राजनयिक पहुंच की मंजूरी दी। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान से कहा था कि वो बिना किसी शर्त के जेल में कैद भारतीय नागरिक और पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव से बातचीत करने का मौका दे। यह जानकारी सूत्रों द्वारा दी गई थी। इससे पहले भारत ने कहा था कि वो इस मामले में कानूनी विकल्पों को टटोल रहा है।

