मानिकपुर से सटे सिवान में मंगलवार दोपहर आग की लपटों में जलकर मासूम की मौत
मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के मानिकपुर से सटे सिवान में मंगलवार दोपहर आग की लपटों में जलकर मासूम की मौत हो गई। सिवान में दो बच्चे खेल रहे थे
तभी रहस्यमय परिस्थिति में पुआल में आग लग गई। आग की लपटें दोनों बच्चों को अपने आगोश में ले ली। पास में मौजूद मां ने जलते बच्चों को देखा तो आग की लपटों में कूद गई।
किसी तरह एक बच्चे की जान तो बचा ली लेकिन दूसरे बच्चे की मौत हो गई। झुलसे मां और पुत्र का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस माामले की जांच कर रही है।
मानिकपुर गांव से सटे प्राथमिक विद्यालय के पास सिवान में चंदा देवी पत्नी जितेंद्र बिंद अपने दो मासूम बच्चों पांच वर्षीय अमित व चार वर्षीय अंकुश को साथ में लेकर धान की मड़ाई करने गई थी।
दोनों मासूम खेत की पुआल पर खेल रहे थे। तभी अचानक पुआल में आग लग गई। खेल के दौरान दोनों बच्चे आग से घिर गए।
पास में ही धान सटक रही मां ने जब यह देखा तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, पर आग की लपटों से घिरा अंकुश गंभीर रूप से जल गया।
बच्चों को बचाने के प्रयास में मां चंदा देवी भी झुलस गई। हादसे में चार वर्षीय अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई। मां ने झुलसी हालत में ही किसी तरह अमित को बचाया।
तब तक शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह आग बुझाया गया। परिजन तीनों को लेकर निजी चिकित्सालय गए। जहां चिकित्सकों ने मासूम अंकुश को मृत घोषित कर दिया।
मां चंदा और पुत्र अमित का इलाज चल रहा है। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।