Jaipur:15 साल की लड़की का धर्म परिवर्तन करने की कोशिश, आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार
Jaipur: एक किशोरी का धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश संबंध में किशोरी के पिता ने मानसरोवर थाने में एक मुकदमा दर्ज करवाया है. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया है. आरोपी युवक सवाई माधोपुर का रहने वाला है. लड़की के पिता का आरोप है कि युवक के बहकावे में आकर उनकी बेटी ने अपना नाम भी बदल लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है.
लड़की के पिता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी 18 जून को सवाई माधोपुर में अपनी बुआ के घर गई थी. उसके बाद वह जयपुर लौट आई. यहां से वह अपनी चचेरी बहन के साथ सहेली की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कह कर गई थी. इसके बाद किशोरी वापस घर नहीं लौटी. परिजन लापता किशोरी को तलाश रहे थे. इस बीच 24 जून को किशोरी वापस घर लौट आई.
लड़की के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी पागलों के जैसे हरकतें करने लगी है. उसका व्यवहार पूरी तरह से बदल गया है. उसने खुद को मुस्लिम होना बताया. वह अपना नाम ईस्मायरा खान बता रही है. साथ ही सोहेल खान नाम के युवक के साथ रहने की बात कही. उसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया.
इस पर मानसरोवर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया 21 वर्षीय सोहेल खान सवाई माधोपुर में चौथ का बरवाड़ा का रहने वाला है. नाबालिग किशोरी के पिता का आरोप है कि सोहेल खान उनकी नाबालिग बेटी को जबरन बहला फुसलाकर फुसलाकर भगा ले गया. उसे अपने साथ रखा और उसका धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश की. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है.

