Khatauli: देश सभी के मिलकर चलने से बनेगा विश्वगुरू,धर्म पर संकट भी आते हैं- डा. मोहन भागवत
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar /Khatauli) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत ने कहा कि हम सब मिलकर देश को बड़ा बनाएं। भारत निसंदेह विश्वगुरू बनेगा। इसके लिए प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता निभाएं। कहा कि सत्य, सुचिता, पवित्रता और करुणा आदि धर्म के मूल हैं। हमें इनका पालन करना चाहिए।
Khatauli के श्रीकृष्ण मंदिर के ६५वें वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने बताया जो हमारी बुद्धि दिखाती है, वही हम देखते हैं। सत्य के पास बैठना एक उपासना कहलाती है। नियम सब में होते हैं। कर्तव्य और कर्तव्य का बोध सब में मिलता है। उन्होंने कहा कि सबने देश के लिए किया है।
हम सबके बीच से अपने प्रिय और नौजवान चले गए, लेकिन समस्या का समाधान एकदम नहीं होता है। धैर्य रखना चाहिए। जिसने जन्म लिया है उसका मरण भी आवश्यक है। आरएसएस प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत ने कहा कि पवित्र मनुष्य ही बुद्धि के पार जा सकता है। सत्य कठोर होता है, सत्य का आचरण करना चाहिए।
एक जमाना था जब मंदिरों मैं धर्म के अलावा रोजगार कला और शिक्षा भी संचालित होती थी। विदेशियों ने सबसे पहले हमारी इसी शक्ति को खत्म किया।
जात-पात और ऊंच नीच समाप्त करने पर ही होगी उन्नति
उन्होंने कहा कि धर्म ने हम सब का कर्तव्य बताया है। धर्म पर संकट भी आते हैं। दुष्ट और अधर्मी आक्रमण करते हैं। ऐसी स्थिति में शक्ति के साथ सुशील भी रहना चाहिए। सरसंघचालक ने कहा कि हम सब एक हैं तो उन्नति होगी, नहीं तो अवनति होगी। एक-दूसरे के साथ विश्वासपूर्वक आचरण होना चाहिए। जब तक जात पात और ऊंच नीच होगी तो बात नहीं बनेगी। इसे समाप्त करने पर ही उन्नति होगी।
उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रामकों ने मंदिरों का विध्वंस किया। विदेशी आक्रमण ने मनोबल तोड़ने के लिए विध्वंस किया था। मंदिर के मर्म को समझना चाहिए। धर्मरक्षण का प्रभावी रास्ता धर्माचरण है। मंदिर जाना। संतों को सुनना। धर्म आचरण के साथ सुरक्षा करें। दो हाथ से काम कर हजार हाथ से बांटें। सब मिलकर देश को बड़ा बनाओ।
अपना देश विश्व गुरु बनेगा तो दुनिया सुख शांति सीखेगी। संत समागम में हरियाणा, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के संतों ने भाग लिया।खतौली के श्री राधा कृष्ण मंदिर के 65 वें वार्षिकोत्सव के दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल सहित भाजपा व आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी,साधु सन्यासी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

