लखनऊ : बिना नंबर सड़क पर दौड़ रहे 17 हजार नए वाहन
नवरात्रि के दौरान खरीदे गए नए वाहनों को अभी तक नंबर नहीं मिल सका। लिहाजा बिना नंबर 17 हजार दो व चार पहिया नए वाहन सड़क पर दौड़ रहे है।
शोरूम से फाइलें आरटीओ कार्यालय पहुंच गई है। पर, एक यहां आरआई के जिम्मे कई काम होने की वजह से फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे है। लिहाजा ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय के काउंटर नंबर एक पर फाइलों का ढेर लग गया है।
गाड़ी मालिक रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र पाने के लिए शोरूम के चक्कर काट रहे है। गाड़ी मालिक राजेश श्रीवास्ताव कहते है कि लाखों रुपये लगाकर गाड़ी खरीदी।
दस दिन बीत गए अभी नंबर नहीं मिला है। गाड़ी बिना नंबर चल रही है। चालान होने या बिना नंबर गाड़ी से घटना होती है तो कौन जिम्मेदार होगा।
ऐसे में विभागीय लापरवाही कहीं गाड़ी मालिकों को महंगा न पड़ जाए। आरटीओ (प्रशासन) रामफेर द्विवेदी कहते है कि दोनों अधिकारी अभी काम की व्यवस्थाओं को समझ रहे हैं। धीरे-धीरे सभी लंबित काम पूर होंगे।
दो एआरटीओ की तैनाती रही बेअसर
आरटीओ कार्यालय में इतने काम है कि दो एआरटीओ की तैनाती बेअसर साबित हो गई। ऐसे में डीएल और वाहन संबंधी काम बेपटरी हो गए।
जिसे सुधारने की कवायद रोजाना हो रही है। बावजूद आवेदकों की इतनी संख्या है कि कर्मियों और अधिकारियों को संभालने में पसीने छूट रहे है।

