Mayank Yadav को T20 वर्ल्ड कप टीम में मिल सकती है जगह?
Mayank Yadav इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में अपनी रफ्तार से धमाल मचाए हुए हैं. उनकी गेंदबाजी में केवल रफ्तार ही नहीं, बल्कि उनकी लाइन और लेंथ भी सभी को प्रभावित कर रही है. लगातार दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया है. इस समय मयंक चोटिल हो गए हैं. चोट से पहले उन्होंने तीन मैचों में 6 विकेट चटकाए हैं. उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें आगामी टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम में प्रवेश का दावेदार बना दिया है. उन्होंने एक शानदार विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय टीम के चयनकर्ता उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, चयनकर्ता Mayank Yadav की प्रगति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. वे उस समय इस युवा खिलाड़ी से प्रभावित हुए जब उन्होंने आईपीएल के इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी. वह गेंद 156.7 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार से फेंकी गई थी. रिपोर्ट में आगे कहा गया कि चयनकर्ता तेज गेंदबाज के संबंध में कोई भी निर्णय लेने से पहले युवा खिलाड़ी की फिटनेस, खेल की समझ, निरंतरता और सटीकता को देखना चाहते हैं.
इस बीच, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के सीईओ कर्नल विनोद बिष्ट ने तेज गेंदबाज मयंक यादव की चोट पर अपडेट दिया है. गुजरात टाइटंस और एलएसजी के मैच के दौरान फैंस को मयंक की गेंदबाजी का बेसब्री से इंतजार था. लेकिन मयंक ने केवल एक ओवर गेंदबाजी की और उनकी रफ्तार भी 140 के आसपास रही. उनके एक ओवर में तीन चौके लगे. अपना एकमात्र ओवर डालने के बाद मयंक मैदान से बाहर चले गए.
विनोद बिष्ट ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि मयंक को पेट के निचले हिस्से में दर्द महसूस हुआ और एहतियात के तौर पर हम अगले सप्ताह तक उनके कार्यभार का प्रबंधन कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर दिखेंगे. केवल दो से तीन मैचों के भीतर मयंक ने लगातार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से गेंदबाजी करते हुए सुर्खियां बटोरीं. आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान मयंक ने अपने 4 ओवर स्पेल में केवल 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. उनके उल्लेखनीय स्पैल के बाद, तेज गेंदबाज को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

