Meerut News: 6 घंटे के अंतराल में दो नेताओं की हत्या, चला दीं ताबड़तोड़ गोलियां
Meerut News: मेरठ(Meerut) में 6 घंटे के अंतराल में दो नेताओं की हत्या कर दी गई। पहली हत्या शनिवार सुबह थाना मेडिकल क्षेत्र में पार्षद और एआईएमआईएम पार्टी के नेता जुबेर अंसारी की गई। वहीं देर शाम थाना क्षेत्र के चंदौड़ी गांव में बदमाशों द्वारा बसपा नेता मनोज चौधरी (50 वर्ष) पुत्र स्व. रतन सिंह को घर के अंदर घुस कर गोलियों से भून डाला गया।
बसपा नेता घटना के समय अपने दोस्त के घर पर थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया कि हत्याएं सुपारी देकर भाड़े के बदमाशों से कराई गई हैं। देर शाम हुई घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इंचौली थाना क्षेत्र के चंदौड़ी गांव में बसपा नेता मनोज चौधरी पड़ोसी हरेंद्र के घर आए हुए थे। इसी दौरान हथियारों से लैस तीन बदमाश हरेंद्र के घर में घुस गए और मनोज पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं।
उधर इस घटना की जानकारी लगते ही गांव में दहशत का माहौल फैल गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह घटना मुजफ्फरनगर के फीनपुर गांव निवासी अतुल ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर की।
अतुल के पिता अमित की 2008 में मुजफ्फरनगर में हत्या हो गई थी। पिता की हत्या के वक्त अतुल छोटा था। उसको अंदेशा था कि मनोज ने रैकी कराकर फीनपुर गांव के युवकों से हत्या कराई थी।

