Meerut News: शामिल होने वाली हैं 150 नई बसें, नीलाम होंगी दो सौ से अधिक बसें UPSRTC
Meerut News: परिवहन निगम की दस लाख किमी संचालित हो चुकी दो सौ से अधिक बसें नीलाम होंगी। इसके साथ ही निगम के बस बेंड़े में अगले साल 150 नई बसें शामिल होंगी। नीलाम होने वाली सबसे अधिक बसें हरदोई रीजन की हैं। जबकि सबसे कम बसें गोरखपुर रीजन की हैं। हरदोई की नीलाम होने वाली बसों की संख्या 32 है।
कानपुर की 23 बसें ,मेरठ की 22 बसें, अलीगढ़ की 20, आगरा की 19, झांसी की 16, देवीपाटन की 15 बसें शामिल हैं। गोरखपुर की पांच बसें नीलाम होनी है। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, मुरादाबाद, इटावा रीजन की बसें नीलाम होनी है। कुल मिलाकर 204 बसें नीलाम होनी हैं।
बीते कुछ सालों से परिवहन निगम नई बसें नहीं खरीद पाया है। ऐसे में नई बसें न खरीदे जाने और पुरानी बसों के नीलाम होने से परिवहन निगम बस बेड़े में बसों की संख्या कम हो रही है। निगम की आर्थिक स्थिति कोरोना के चलते काफी कमजोर हुई है।
कर्मियों को एक तारीख को मिलने वाली वेतन वर्तमान में 10 तारीख तक मिल पा रहा है। इसके चलते परिवहन निगम कर्मी भविष्य को लेकर काफी सशंकित हैं। निजीकरण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते कुछ सालों से परिवहन निगम के बस बेड़े में नई बसें नहीं जोड़ी जा सकी हैं।
निगम सूत्रों के अनुसार कुंभ शटल बस सेवा के बाद से निगम बस बेड़े में नई बसों को शामिल नहीं किया जा सका है, जबकि प्रति वर्ष 1000 नई बसों को शामिल किए जाने का नियम है।
हालांकि नए एमडी आने के बाद नई बसों के खरीदने की बात निगम के अफसर बताते हैं। निगम के मुख्य प्रधान प्रबन्धक संजय शुक्ला का कहना है कि बहुत जल्द निगम के बस बेड़े में 150 साधारण सेवा की नई बसें शामिल होने वाली हैं। उन्होंने बताया कि बसों की खरीद को मंजूरी मिल गई है।

