Meerut News: जैनपुर गांव जाने वाले रास्ते पर दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी
Meerut News: दो युवकों के शव मेरठ बड़ौत मार्ग से जैनपुर गांव जाने वाले रास्ते पर पड़े मिले हैं। यह इलाका थाना रोहटा (Rohta) व थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र का बार्डर है।ग्रामीणों की सूचना पर दोनों ही थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने दोनों शवों के कपड़ों की तलाशी ली, मगर कोई भी ऐसी चीज नहीं मिल सकी
जिससे उनकी पहचान हो सके। घटना की छानबीन और शिनाख्त के लिए दो पुलिस टीम और एसओजी को लगाया गया है। पुलिस के अनुसार एक लाश को सुबह करीब 8 बजे बरामद किया गया, जबकि इसके 2 घंटे बाद दूसरी लाश भी वहीं घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर बरामद की गई।
घटनास्थल से लौटकर एसएसपी प्रभाकर चौधरी (SSP Prabhakar Choudhary) ने बताया कि आज सुबह ग्रामीणों की सूचना पर जैनपुर मार्ग पर से दो अज्ञात पुरुषों के शव बरामद किए हैं। दोनों युवकों के हाथ पर पुराना टैटू बना है। एसएसपी (SSP Prabhakar Choudhary) के अनुसार अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शिनाख्त के लिए घटनास्थल व आसपास के थानों की पुलिस से सम्पर्क कर लापता युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम को बुला कर घटनास्थल के आसपास के तमाम साक्ष्यों को सुरक्षित कराया गया। एसएसपी (SSP Prabhakar Choudhary) के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि दोनों युवकों की हत्या करने के बाद लाशों को यहां ठिकाने लगाया गया था।
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा सुबोध कुमार सक्सेनाने बताया कि घटना स्थल पर एक शव कंकरखेड़ा और रोहटा थाने की सीमा पर पड़ा था, जबकि दूसरा शव वहां से 100 मीटर आगे रोहटा थाना क्षेत्र (Rohta police station area) के सीमा में था। इस प्रकरण में उच्च अधिकारियों के आदेश पर रोहटा थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि दोनों युवकों की हत्या गला दबाकर की गई है।

