Meerut News: दोनों भाइयो के बीच हाथापाई के बाद मारी गोली
Meerut News: रशीदनगर में पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपित छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि एक सप्ताह पहले भी दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ था।
नगर पुलिस अधीक्षक पीयूष सिंह (City Superintendent of Police Piyush Singh) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात करीब ढाई बजे थाना लिसाड़ी गेट पुलिस को सूचना मिली थी कि चौकी पिलोखड़ी के अन्तरर्गत फूल गली में रिजवान नाम के एक युवक ने अपने सगे भाई फुरकान की गोली मार कर हत्या कर दी है। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई गुफरान की तरफ से आरोपी रिजवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद का प्रकरण प्रकाश में आया है। पीयूष सिंह का कहना है कि आरोपी के पास से आला कत्ल प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
घटनास्थल क्षेत्र थाना लिसाड़ीगेट के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया की रविवार रात करीब ढाई बजे किसी बात को लेकर आरोपी रिजवान और उसके बड़े भाई फुरकान के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रुप धारण कर लिया। दोनों भाइयों के बीच हाथापाई हो गई।

