गांव सहावली में दूधिया का शव मिलने से सनसनी, हत्यारों की तलाश
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव सहावली में आज सवेरे एक दूधियां का शव जंगल में पडा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मौके पर लोगों की भीड जुट गयी और पुलिस को सूचना दी गयी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान करायी और परिजनों को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को परीक्षण के लिए भेज दिया है और हत्यारों की तलाश में भागदौड कर रही है।
मुजफ्फरनगर –नई मंडी थाना क्षेत्र के सहवाली गांव में जोगेंद्र (35) पुत्र रामपाल दूधिया की गला रेत कर हत्या,@muzafarnagarpol मौके पर। pic.twitter.com/wprHhkCKzE
— News & Features Network-Regional News (@mzn_news) August 7, 2020
सीओ नई मंडी धनजंय कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के गांव सहावली निवासी जोगेंद्र पुत्र रामपाल दूध बेचने का काम करता था। गत सायं वह घर से दूध सप्लाई के लिए निकला था।
जिसके बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा। जोगेंद्र के घर वापस न लौटने पर परेशान परिजनों ने उसकी तलाश में भागदौड की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सीओ ने बताया कि आज सवेरे सहावली गांव से करीब दो सौ मीटर दूर जंगल में एक व्यक्ति का शव पडे मिला। जिसकी गला रेतकर हत्या की गयी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बीबीपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किये तो मृतक की पहचान लापता जोगेंद्र के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा जानकारी पाकर मृतक के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू कर दी।
सीओ ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं आयी है पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परीक्षण के लिए भेज दिया है। सीओ का कहना है कि हत्याकांड का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जायेगा।
