Muzaffarnagar: दो दिन बाद दौड़े लोनी तहसील तथा बिजनौर के युवाः जोश व उत्साह बरकरार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के चलते सेना की अग्निवीर भर्ती स्थगित कर दी गई थी। रविवार को दो दिनों की रुकावट के बाद भर्ती प्रारंभ हुई। भर्ती स्थल चौ. चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम पर गाजियाबाद की लोनी तहसील तथा बिजनौर के युवाओं ने दौड़ लगाई।
उत्साह के साथ दौड़े अग्निवीर अभ्यर्थी
सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए जनपद मे २० सितंबर से प्रक्रिया आरंभ हुई थी। पहले दिन जनपद गौतमबुद्ध नगर के युवाओं ने भर्ती में भाग लिया था। उसके उपरांत हापुड़ तथा फिर रामपुर के युवाओं ने किस्मत आजमाई। लेकिन तीसरे दिन बारिश के चलते शामली और चौथे दिन गाजियाबाद की कई तहसीलों के युवाओं को बारिश के चलते मायूस होकर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मैदान में बारिश का पानी भरने और कीचड़ के चलते शारीरिक दक्षता परीक्षा नहीं हो सकी। दोनों जनपद से जुड़े युवाओं की भर्ती स्थगित कर शामली के अभ्यर्थियों को ११ तथा गाजियाबाद की तहसीलों के अभ्यर्थियों को १२ अक्टूबर के दिन आने को कहा गया। रविवार को गाजियाबाद के लोनी तहसील तथा बिजनौर के चांदपुर तथा नजीबाबाद तहसीलों के अभ्यर्थियों का फिजीकल शुरू हुआ।
आर्मी और नगर पालिका ने की मशक्कत
भारी बारिश के चलते भर्ती स्थल चौ. चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं नुमाइश मैदान में पानी भर गया था। कीचड़ के चलते अभ्यर्थी दौड़ नहीं पा रहे थे। सेना के अधिकारियों ने नगर पालिका परिषद कर्मियों की मदद से मैदान से पानी निकालने की काफी मशक्कत की। दो दिनों तक चली मशक्कत के बाद मैदान इस लायक हो सका वहां पर अग्निवीर भर्ती में पहुंचे अभ्यर्थियों की फिजीकल परीक्षा ली जा सके। रविवार को अभ्यर्थियों की परीक्षा मैदान पर शुरू हुई।
बिजनौर, धामपुर और नगीना तहसील अभ्यर्थियों की भर्ती कल
सोमवार को बिजनौर, धामपुर तथा नगीना तहसील के अभ्यर्थियों का नंबर है। सेना की और से जारी शेड्यूल के आधार पर २६ सितंबर को बिजनौर सदर तहसील के साथ ही धामपुर और नगीना तहसील के अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए चौ. चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम बुलाया गया है।

