Muzaffarnagar: कडी सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच बोर्ड परीक्षाएं हुई शुरू
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिला पुलिस-प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व मे ही सुनिश्चित कर दी गई विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच आज से यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इण्टर मीडिएट की परीक्षा प्रारम्भ हो गई। आज से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी एवं एसएसपी संजीव सुमन के निर्देशो के चलते सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्र पर पहुंच कर कि गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं में मुजफ्फरनगर से करीब 61000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। मुजफ्फरनगर मे हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए करीब 75 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। आज से शुरू हुई बोर्ड परीक्षा 2023 की प्रथम पाली में शामिल हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रथम पाली में हिंदी की परीक्षा दी तथा दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने भी हिंदी की परीक्षा दी।
यूपी बोर्ड के परीक्षा के लिए परिषद मुख्यालय से भी परीक्षा के लिए अपनी निगरानी टीम भेजी गई। डीआईओएस गजेन्द्र कुमार का कहना है कि यहां पर क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय मेरठ से दो लोगो को सेंटर विजिट करने और व्यवस्था एवं निगरानी के लिए भेजा गया है। ये लोग अपने स्तर से निगरानी करेंगे। इसके साथ ही डीडीआर सहारनपुर उम्मेद नेगी को जिले में परीक्षा व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नामित हैं।
वो भी आज जिला मुख्यालय पहुंच गए। उनके साथ शिक्षकों की टीम शामिल रहे। डीडीआर ने अपनी टीम के साथ फ्लाइंग स्कवायड के तौर पर विभिन्न परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया। पूर्व व्यवस्थाओ के साथ फुल स्टै्रंथ के साथ यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू हुई। गुरूवार को हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षार्थियो का हिन्दी विषय का मुख्य पेपर होने के कारण सभी 75 परीक्षा केन्द्रो पर फुल स्टै्रंथ के साथ परीक्षा प्रथम पाली की परीक्षा सम्पन्न हुई।
पहली पारी मे सवेरे आठ बजे से सवा 11 बजे पूर्ण हुई। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 2 बजे से प्रारम्भ होकर पांच बजे तक चली। परीक्षा प्रारम्भ होने से करीब 15 मिनट पहले सभी परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंच गए। उल्लेखनीय है कि जनपद में 16 संवेदनशील ओर अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रो पर परीक्षा के दौरान अधिकारीगण भ्रमणशील रहे। बताया जाता है कि 75 परीक्षा केन्द्र मे से 16 परीक्षा केन्द्र इस श्रेणी मे रखे गए हैं। जहां पर अतिरिक्त रूप से सशक्त पुलिस बल की व्यवस्था रही।

