Muzaffarnagar: महंगाई का असर नींबू पर भी, खाने की थाली से गायब होने लगा नींबू
मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar ) पेट्रोल-डीजल पर ही नहीं महंगाई का असर नीबू पर भी पड़ा है। पिछले १२ दिन में नीबू के दाम में जबरदस्त उछाल आया है। थोक के साथ ही फुटकर में नीबू महंगा मिलने से ग्राहक मुंहमोड़ रहे हैं। नीबू की महंगाई का असर घरों से लेकर ढाबों तक पर पड़ने लगा है।
जिले की नवीन मंडी स्थल और भगत सिंह रोड स्थित सब्जी मंडियों में नीबू थोक में २४० रुपये प्रतिकिलो और फुटकर में ३२० रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। नीबू पर १० से १२ दिन के अंतराल में ही यह महंगाई आई है। पहले नीबू के दाम थोक बाजार में भी ८० रुपये प्रतिकिलो तक थे। थोक सब्जी विक्रेता रियाज और राजू बताते हैं कि वह दिल्ली से सब्जी मंगाकर थोक में बेचते हैं।
नीबू के दामों में उछाल आने का कारण ऊपर से ही नीबू महंगा मिलना है। वहीं नीबू की पैदावार कम और मांग बढ़ना भी इसका कारण है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से भी भाड़ा में फर्क आने को भी कारण माना जा रहा है। थोक विक्रेता राजू का कहना है कि नवरात्र और रमजान के कारण नीबू के दामों पर असर पड़ रहा है
लेकिन एकदम से जितने दाम बढ़े हैं वह आश्चर्यजनक है। रमजान में नीबू का भरपूर इस्तेमाल होने के कारण इन दिनों दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस बार सीमा पार हो गई है। नीबू खाने की थाली से गायब होने लगा है।
तेजी से भाव बढ़ने से लोग नीबू का प्रयोग कम करने लगे हैं। बधाई खुर्द निवासी बाबी ने कहा कि दाम बढ़ने से नीबू का प्रयोग कम हो गया है। आवश्यक होने पर ही सलाद में प्रयोग किया जा रहा है। वहीं हाईवे स्थित होटल-ढाबों पर भी सलाद के साथ मांगने पर ही नीबू उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

