Muzaffarnagar News: डीएम से मिले अनिल विधायक, भूमि अधिग्रहण को लेकर कई दिनों से लगातार टकराव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पुरकाजी में लक्सर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान भूमि अधिग्रहण को लेकर की जा रही कार्यवाही में लोग अपना रोजगार मिटता देखकर पीड़ित हैं तो घर से भी बेघर हो गये हैं। इसके लिए कई दिनों से लगातार टकराव चल रहा है। दुकान और मकान गंवाने के साथ ही निजी नुकसान झेल रहे।
ऐसे में इन पीड़ितों को साथ लेकर आज क्षेत्रीय विधायक अनिल कुमार कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम अरविन्द बंगारी से मुलाकात करते हुए इनके निजी नुकसान की भरपाई करने के साथ ही सहानुभूति के साथ समाधान करने की मांग की है।
बता दें कि पुरकाजी में लक्सर मार्ग का चौडीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग की देखरेख में किया जा रहा है। इसके लिए लोनिवि के पास मौजूद नक्शे और राजस्व विभाग के नक्शों में ही तालमेल नहीं बन पा रहा है। ऐसे में लोगों को ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है। मंगलवार को रालोद विधायक अनिल कुमार पीड़ितों को साथ लेकर डीएम अरविन्द मल्लप्पा बंगारी से उनके कार्यालय में मिले और उनकी बात रखी।
इस दौरान लोगों ने अपनी समस्या को उठाते हुए एक ज्ञापन भी डीएम को सौंपा। इसमें खादर तिराहा मौहल्ला झोझगान पुरकाजी में गलत तरीके से मकान और दुकानों को तोड़कर निजी नुकसान करने के आरोप लगाते हुए लोक निर्माण विभाग या सरकार से मुआवजा दिलाये जाने की मांग की गयी है।
लोगों ने कहा कि ८ जून को फोर्स का भय दिखाकर जबरन ही गलत तरीके से उनके मकान-दुकान तोड़कर उनको बर्बाद कर दिया गया है। सामान उठाने का मौका भी नहीं दिया गया। इससे पहले कोई नोटिस भी नहीं जारी किया गया। आज वो इस जबरिया कार्यवाही के चलते रोजागर खो चुके हैं और बेघर हो रहे हैं। इससे उनके सामने भूखे मरने की नौबत आ गयी है।
उन्होंने इसके लिए जांच कराकर पीड़ितों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर इंसाफ दिलाने की मांग की है। इस दौरान विधायक अनिल कुमार के साथ मौ. इस्तखार, मौ. इंतजार, नूर हसन, अनीस, रईस, इलियास, महमूद हसन, महबूब अली, तौकीर अहमद, मुशर्रफ अली, नफीस अहमद आदि पीड़ित शामिल रहे।

