Muzaffarnagar News- भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत चौधरी जगबीर सिंह हत्याकांड में कोर्ट में हुए पेश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगबीर सिंह की हत्या के मामले में आरोपी भाकियू अध्यक्ष एवं बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत कोर्ट में पेश हुए। इससे पहले २५ नवंबर को तत्कालीन सीबीसीआईडी के उप पुलिस अधीक्षक जगत राम जोशी के बयान दर्ज किए गए थे।
एडीजे ६ अशोक कुमार ने अभियोजन की ओर से गवाही पूरी करने के लिए छह दिसंबर की तिथि नियत की थी। आरोपी भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत कोर्ट में पेश हुए। छह सितंबर २००३ को अलावलपुर में राष्ट्रीय किसान मोर्चे के अध्यक्ष चौधरी जगबीर सिंह की गोली मारकर हत्या करा दी गई थी, उनके बेटे पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था।
१९ साल बाद दाखिल की गई थी रिपोर्ट-जगबीर सिंह हत्याकांड़ में सीबीसीआईडी का ढीला रवैया बना हुआ है। अदालत की सख्ती के बाद सीबीसीआईडी ने १९ साल बाद तमंचे की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अप्रैल माह में पेश की थी। जिसके बाद गवाही की प्रक्रिया चल रही है।
किसान नेता जगबीर सिंह की छह सितंबर, २००३ को भौराकलां थाना क्षेत्र के अलावलपुर माजरा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूर्व मंत्री एवं रालोद नेता योगराज सिंह ने वारदात में अलावलपुर माजरा गांव के राजीव उर्फ बिट्टू, प्रवीण और सिसौली निवासी एवं वर्तमान भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को नामजद कराया था। मुकदमे के ट्रायल के दौरान राजीव और प्रवीण की मौत हो चुकी है।

