Muzaffarnagar News: दो दिन से हो रही सर्दी,शीतलहर के बीच धूप से चैन, सुबह शाम बेचैन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)आज सुबह से घने कोहरे व हाड कंपकपाने वाली सर्दी ने एक और जहां लोगों को घर मे रहने के लिए मजबूर कर दिया। वहीं दूसरी और दोपहर के वक्त निकली धूप मे लोगो ने सर्दी से राहत महसूस की। धूप निकलने का फायदा उठाते हुए लोगों ने दोपहर बाद अपने घर व बाजार सम्बन्धी कार्य निपटाए तथा धूप सेकी।
धूप निकलने पर इधर-उधर घूम रहे आवारा पशुओं ने भी राहत महसूस की। दोपहर तक धूप ना निकलने पर सर्दी का यह आलम रहा कि कई जगह लोग आग जलाकर तापते नजर आए। पालिका प्रशासन द्वारा भी सर्दी के चलते कई स्थानो पर अलाव की व्यवस्था की गई है। पालिका कर्मचारी नगर के विभिन्न चौराहो पर अलाव के लिए लकडी की आपूर्ति मे मश्गूल रहे। दो दिन से हो रही सर्दी,शीतलहर के बीच आज दोपहर के वक्त निकली धूप से लोगो ने राहत महसूस की।
चुनावी समर में मुजफ्फरनगर को कोहरे की चादर ने अपनी आगोश में ले लिया है। मंगलवार को सुबह से सूरज बादलों से बाहर नहीं आया। घने कोहरे के चलते हाईवे तथा स्थानीय सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे। आम आदमी के लिए ठंड का मौसम अग्निपरीक्षा बन गया है। ४ जनवरी से मौसम ने जो अंगड़ाई ली थी उसका असर अभी तक जारी है। लगभग १ माह के दौरान केवल २ या ३ दिन ही पूरी तरीके से सूरज के दर्शन हुए। धूप भी मुश्किल से झलक दिखा रही है।
आज सुबह से आसमान में घना कोहरा है। जिसके चलते सड़कों पर आवागमन बाधित हो रहा है। हालांकि ग्यारह बजे के बाद धूप निकलने से राहत मिली लोगों ने सर्दी से राहत पाने के लिए धूप का सहारा लिया।
जनवरी-फरवरी का महीना हालांकि ठंड का ही होता है। ठंड के दिनों में धूप न निकले तो आम आदमी से लेकर कारोबारी भी परेशान हो जाते हैं। छोटे दुकानदारों की मुश्किल ये है कि ठंड के समय ग्राहक नहीं आता।
ऐसे में दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो जाता है। रुड़की रोड के दुकानदार अश्वनी कहते हैं कि ठंड में दुकानदारी पारे की तरह नीचे चली जाती है। जूस विक्रेता शमीम का कहना है कि इस मौसम में लोग इक्का-दुक्का ही जूस पीने आते हैं।

