Prayagraj News: जब चुनाव आते थे तो मछुआ समाज को पव्वा पिलाकर लोग वोट ले जाते थे- संजय निषाद
Prayagraj News: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा है कि मैं उनको जगा रहा हूं जिसने भगवान श्रीराम को गंगा पार उतारा था। उन्होंने कहा है कि देश की आजादी के बाद मछुआ समाज गहरी नींद में सो गया था। पिछली सरकारों ने मछुआ समाज से नौकरी,शिक्षा रोजगार सब छीन लिया। जब चुनाव आते थे तो मछुआ समाज को पव्वा पिलाकर लोग वोट ले जाते थे। लेकिन मछुआ समाज का कभी कोई नेता नहीं हुआ।
उन्होंने कहा है कि 2014 में निषाद पार्टी ने चुनाव लड़ा और इसके बाद 2017 में सपा और बसपा की सरकारों को हटाने काम किया। उन्होंने कहा कि 2014 में निषाद पार्टी को जो रैली हुई थी उसमें कांग्रेस और बसपा साफ हो गई। जबकि सपा हाफ हो गई और भाजपा माफ हो गई। क्योंकि भाजपा सत्ता में नहीं थी।
उन्होंने कहा कि 2019 में निषाद पार्टी भाजपा के साथ आई है और अब मछुआ समाज की जो भी समस्याएं हैं, जो मुद्दे हैं, उनको भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ मिलकर हल करेंगे।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा है कि 17 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में जो रैली हुई थी उसमें मछुआ समाज गको आरक्षण देने पर बात लगभग बन गई है। उन्होंने कहा है कि यूपी चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी से कोई विवाद नहीं है।
संजय निषाद (National President Sanjay Nishad) ने कहा कि पिछली सरकारों ने मछुआ समाज के मुद्दे को हल नहीं किया। उन्होंने कहा है कि केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार से उन्हें पूरी उम्मीद है कि मछुआ समाज के सभी मुद्दों को हल करेगी। उन्होंने योगी सरकार के अधिकारियों पर कहा कि अधिकारी बदमाश हैं, उन्होंने सरकार को घुमा रखा है।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि उनकी पार्टी गठबंधन में दो दर्जन सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 160 सीटें जो निषाद बाहुल्य है। उनको जिताकर एनडीए की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा है कि 70 सीटों पर बूथ गठन निषाद पार्टी ने किया है। इसमें से सीटें लेने का काम निषाद पार्टी करेगी।
वहीं कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के बढ़ते प्रभाव को लेकर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा है कि इसके लिए चुनाव आयोग बना है और सरकार की भी जिम्मेदारी बनती है। चुनाव आयोग में बड़े जिम्मेदार अधिकारी बैठे हैं वह इस पर कोई फैसला लेंगे। इसमें हम कोई सुझाव दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की जान माल की सुरक्षा करना सरकार का काम है। हालांकि उन्होंने कहा है कि कोरोना के संक्रमण के साथ ही साथ लोकतंत्र की स्थापना की भी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश का 18 फ़ीसदी मछुआ समाज भाजपा के साथ खड़ा है और निश्चित तौर पर 2022 में भी बीजेपी को ऐतिहासिक जीत मिलेगी

