सरधना में छापामारी: भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक बरामद, कांग्रेस नेता के घर हुआ था तेज धमाका
मेरठ के सरधना में पुलिस ने शनिवार को छापामारी की। छारामारी के दौरान कई घरों से भारी मात्रा में पटाखे व विस्फोटक सामान बरामद किया है।
यहां गुरुवार को कांग्रेस के नगर अध्यक्ष के मकान में भयंकर विस्फोट हुआ था। इस हादसे में कांग्रेस नगर अध्यक्ष कासिम खान समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
नगर के मोहल्ला पीरजादगान में गुरुवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष आसिम खान के मकान में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ था। विस्फोट इतना भयंकर था कि आसपास के आधा दर्जन से ज्यादा मकानों की छत उड़ गई थी।
इससे लोगों का काफी नुकसान हुआ था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया था कि गैस सिलिंडर फटने से यह हादसा हुआ। लेकिन नगर के कई मकानों में पटाखे भी मिले थे।
इसी के चलते पुलिस ने आज नगर में छापामारी की है। छापामारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखे व विस्फोटक सामान बरामद किया है। पटाखे इतनी मात्रा में बरामद हुए कि उन्हें टेंपू में लाधकर ले जाना पड़ा।
यह कार्रवाई एसडीएम अमित कुमार भारतीय व सीओ आरपी शाही और थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने मोहल्ला मंडीचारान भटवाड़ा व नई बस्ती में दबिश देकर पटाखे व विस्फोटक सामान बरामद किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
