ठेकेदार द्वारा बनवाई गयी सड़क रातो रात उखडी – मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की ठेकेदार की शिकायत
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के ठेकेदारों का एक ओैर कारनामा सामने आया है। पालिका में पंजीकृत एक ठेकेदार ने एक दो वार्डों को जोडने वाली एक ऐसी अद्भुत सड़क रातोंरात बना दी, जिस पर नागरिक कम व सड़क झाडू के आगे-आगे चलती है।
सड़क के दोनों ओर किनारे हल्की सी दाब में उखड़ जाते हैं। वार्ड 38 के सभासद ने इस मामले की शिकायत पालिका में की, जिस पर ईओ ने आकर मौका मुआयना किया तथा इस मामले में कड़ी कार्यवाही की बात कही। वहीं दूसरी ओर दोनों वार्डों के निवासियों ने ठेकेदार की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की है। मौहल्ला लोहिया बाजार में दो वार्डों 38 व 41 को एक सड़क जोड़ती है। इस सड़क के निर्माण की मांग दोनों वार्डों के निवासियों के द्वारा काफी समय से की जा रही थी।
लगभग पांच-छह दिन पूर्व इस सड़क का निर्माण एक ठेकेदार ने रातोंरात करा दिया। दिन में जब लोग इस पर चले, तो यह जगह-जगह से उखड़ गयी। लोगों के अनुसार इसके किनारे इस प्रकार के बनाये गये कि वह हल्की सी दाब में ही उखड़ गये। लोगों को कहना था कि ठेकेदार ने इस सड़क के निर्माण में बेहद निम्नस्तर का सामान प्रयोग किया है। यदि सड़क पर किसी प्रकार का वाहन (बाइक व स्कूटर आदि) खड़ा किया जाता है, तो उसके स्टेंड से सड़क उखड़ जाती है।
एक दुकानदार ने कहा कि जब वह दुकान के आगे सड़क पर स्वच्छता को लेकर झाडू लगाते हैं, तो वह सड़क पर नहीं बल्कि सड़क आगे-आगे चलती है अर्थात झाड़ू के साथ-साथ सड़क पर पड़ा सामान उखड़ कर आगे-आगे हो लेता है। इससे तो पहले वाली ही सड़क बेहतर थी।
जब इस संबंध में वार्ड 38 के सभासद बॉबी से वार्ता की गयी, तो उनका कहना था कि लगभग एक माह पूर्व उन्होंने इस ठेकेदार अनिल सिंघल को इस सड़क पर काम करने से रोका था। उसने बीच सड़क पर बनाये गये शिविरों को ढक दिया था। एक माह तक काम बंद रहा।
उसके बाद अचानक पांच-छह दिन पूर्व जब वह प्रातः को उठे, तो पता चला कि ठेकेदार ने रातोंरात सड़क को बना दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के निर्माण में धांधली की गयी है। न तो नाली बनायी गयी और न ही किनारों को सही बनाया गया। उनके द्वारा इस संबंध में पालिका के अधिशासी अधिकारी विजय कुमार मणि त्रिपाठी को बताया गया। जिस पर वह मौके पर आये तथा पूरी जानकारी हासिल की।
सभासद का कहना था कि उनके द्वारा ठेकेदार का भुगतान रोके जाने को लेकर भी पत्रा उनके द्वारा दिया गया है। इस संबंध में ईओ का कहना था कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। कार्यवाही की जाएगी। लोगों ने बताया कि इस मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी की गयी है। अनुज, राजीव, सुभाष व नरेंद्र आदि ने बनी सड़क के टुकड़ों को हल्की सी दाब देकर उखाड़ कर दिखाया। उनका कहना था कि सरकार के पैसे का दुरूपयोग किया गया है।
