Sonbhadra News: BJP के दुद्धी मंडल महामंत्री प्रेम नारायण उर्फ़ मोनू सिंह पर जानलेवा हमला
Sonbhadra News: दुद्धी तहसील मुख्यालय के पुलिस सहायता केंद्र के समीप 10-12 युवकों द्वारा BJP के दुद्धी मंडल महामंत्री प्रेम नारायण उर्फ़ मोनू सिंह पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामला पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने को लेकर हुए विवाद (vivad) से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
वहीं गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता (BJP Neta) का सीएचसी दुद्धी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद जहां बुधवार को पूरे दिन नगर का माहौल तल्ख बना रहा। वहीं देर शाम तक आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से भाजपा खेमे में पुलिस के प्रति नाराजगी देखने को मिलती रही। हालांकि पुलिस ने प्रकरण में सगे भाइयों सहित सात के खिलाफ नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह दबिश डालने का क्रम जारी रखे हुए है।
मंगलवार की रात करीब साढ़े सात बजे भाजपा नेता के भाई के पेट्रोल पंप पर मल्देवा गांव के पूर्व प्रधान और बसपा नेता राजेश धुसिया का पुत्र माइकल पेट्रोल लेने गया था। कुछ तकनीकी खराबी के कारण पंप काम नही कर रहा था। इसको लेकर पंप मैनेजर से उसकी नोंकझोंक हो गई।
इसकी जानकारी पाकर वहां मोनू सिंह समेत अन्य लोग पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझाते हुए मामले को रफा दफा कर युवकों को मौके से हटा दिया गया। इसके कुछ देर बाद माइकल करीब आधा दर्जन युवकों के साथ म्योरपुर तिराहे पर स्थित पुलिस सहायता केंद्र के पास खड़ा था, तभी मंडल महामंत्री मोनू सिंह को सामने देख, वहां खड़े लोगों ने उन पर हमला बोल पिटाई शुरू कर दी।
जब तक पिकेट पर मौजूद पुलिस कर्मी और पीआरवी के जवान पहुंचकर हमलावरों को चंगुल में लेते, तब तक मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। पुलिस ने कुछ हमलावरों को पकड़ भी लिया, लेकिन तब तक मारपीट की खबर पाकर मोनू सिंह के समर्थक भी वहां पहुंच गए और पुलिस द्वारा पकड़े गए हमलावरों को अपने चंगुल में लेने के लिए पुलिस से छिना-झपटी करने लगे।
इस बीच मौके का लाभ उठाते हुए आरोपी वहां से भाग निकले। सड़क पर लहूलुहान हाल में पड़े सिंह को पुलिस उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर श्री सिंह की समर्थकों की भीड़ देर रात तक कोतवाली में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमी रही।
पुलिस ने विनोद कुमार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह वादी की तहरीर पर माइकल पुत्र राजेश धुसिया, संजीव पुत्र राजेश धुसिया, अभिमन्यु पुत्र जमुना घसिया, जितेंद्र पुत्र अज्ञात, रजनीश पुत्र नन्दलाल, राजेश धुसिया तथा चार अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 148, 308, 323, 504, 506, 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
