नई मंडी- गर्ग हॉस्पिटल में डॉक्टर ने महिला के साथ अभद्रता की, हंगामा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी में गर्ग हॉस्पिटल में महिला के ऑपरेशन के बाद महिला को दोबारा दर्द शुरू हुआ, वह दिखाने के लिए डॉक्टर के पास पहुंची डॉक्टर ने महिला के साथ अभद्रता की
जिसके बाद परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा कर दिया। पुलिस सूत्रों से मिलीं जानकारी के अनुसार थाना नईमंडी क्षेत्र के कमल नगर कूकडा निवासी ३१ वर्षीय महिला संगीता का दो महीने पहले थाना नईमंडी के निकट गर्ग अस्पताल में रसौली का आप्रेशन हुआ था। आप्रेशन के बाद से महिला को लगातार दर्द होता रहा और टांके भी नहीं सूखे थे।
महिला को उसके परिजन एक-दो बार चिकित्सक के यहां लेकर आये थे, जिस पर उक्त चिकित्सक ने शीघ्र ही ठीक होने का आश्वासन देते हुए दवाई बढा दी थी।
बताया जा रहा है कि लगातार आश्वासन के बावजूद दो महीने बीतने के बाद भी महिला को दिक्कत होती रही और उसके टांके भी नहीं सूखे, जिस पर महिला के परिजनों ने उसका एक अन्य अस्पताल में चौकअप कराया, तो अल्ट्रासाउंड में आप्रेशन गलत होने की बात सामने आई। यह देखकर महिला के परिजनों का पारा चढ गया और आज देर शाम परिजन महिला को लेकर गर्ग अस्पताल में पहुंचे
डा. विभू गर्ग को अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और आप्रेशन करने में लिये गये ४० हजार रूपये वापस मांगते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि डा. विभू गर्ग ने पीडित महिला संगीता के परिजनों की बात सुने बिना उन्हें धमका कर अस्पताल से बाहर निकाल दिया।
इस बात को लेकर वहां पर हंगामा होने लगा और महिला के परिजनों ने चिकित्सक पर फर्जी आप्रेशन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रसौली नहीं निकाली गई है
और जो रसौली पेट में थी, वह बढती जा रही है। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने गलत तरीके से आप्रेशन करते हुए शरीर का कोई दूसरा अंग निकाल लिया है
जिसकी जांच कराई जायेगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। चिकित्सक ने सभी आरोपों से इंकार करते हुए सही आप्रेशन करने की बात कही है।

