भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना जारी, किसानों की कई टोलियां ढोल लेकर भी पहुंचे
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना आज पांचवे दिन भी जारी रहा। नुमाईश ग्राउण्ड स्थित विद्युत विभाग के दफ्तर पर बिजली विभाग एवं किसानो के बकाया गन्ना भुगतान आदि विभिन्न समस्याओ के सम्बन्ध मे चल रहा भाकियू का धरने पर मौजूद किसानो एवं पार्टी पदाधिकारियो का कहना है कि जब तक किसानो की समस्या का समाधान नही होगा तब तक यह धरना यथावत जारी रहेगा।
बढाई जा रही बिजली की दरों, किसानो का बकाया गन्ना भुगतान, सिंचाई तथा खेती कार्य से जुडे कई मुददोको लेकर भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है।
नुमाइश कैम्प स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आज पांचवे दिन भी किसान भारी संख्या में पहुंचे। ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर धरना स्थल पर पहुंचे। आज भी किसानों का रूख वही रहा। यहां पर भट्टी पर खाना भी पकता रहा। किसान गांवों से भी राशन और खाना लेकर यहां पर पहुंच रहे थे।
किसानों की कई टोलियां ढोल लेकर भी पहुंचे और यहां पर जमकर ढोल बजाया गया। किसानों को सम्बोधित करते हुए भाकियू नेताओं ने कहा कि प्रशासन किसानों के उत्पीड़न के मामलों में भी संवेदनशील नहीं बन रहा है।
किसानों के साथ बकाया वसूली को लेकर आये दिन घर जाकर तहसील कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों द्वारा एक चोर जैसा व्यवहार किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसानों के मान सम्मान की लड़ाई को जारी रखा जायेगा। किसानों से बकाया वसूली तब तक नहीं होने दी जायेगी, जब तक कि किसानों का बकाया भुगतान प्रशासन द्वारा नहीं दिलाया जाता है।
धरने पर दूरदराज क्षेत्र से भी किसान भारी संख्या में उपस्थित हुए थे। किसान पंचायत में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, राजू अहलावत मंडल अध्यक्ष, गौरव टिकैत, नवीन राठी, धर्मेन्द्र मलिक, राजेन्द्र सिंह, सतेन्द्र पुण्डीर, मांगेराम त्यागी, विपिन त्यागी, किस पंवार, ठा. कुशलपाल सिंह सहित सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।
