तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का हुआ समापन
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित स्टेपिंग स्टोंस स्कूल में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। शिविर में प्रतिभागियों ने गांठें बांधना, टेंट बांधना, फूड प्लाजा की व्यवस्था करना, झंडा बांधना आदि का प्रशिक्षण लिया।
शिविर में कक्षा छह से कक्षा १२ तक के सभी छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। मुजफ्फरनगर क्षेत्र के स्काउट-गाइड इंचार्ज भारत भूषण ने झंडा फहराया तथा स्काउट झंडा गान कराया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न समूहों के नाम रखे जो पुष्पों और पक्षियों के नाम पर आधारित थे।
कई तरह के प्रशिक्षण के बाद समापन अवसर पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने नृत्य एवं संगीत का भरपूर आनंद लिया। कुछ बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। डायरेक्टर अलका शर्मा ने विद्यार्थियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ही हमारे व्यक्तित्व में साहस, दया, सेवा आदि मूल्यों को समाहित करते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया बंसल ने मुख्य अतिथि को सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया।
बच्चों से कहा कि हम सभी को अपने दैनिक जीवन में भी स्काउट गाइड नियमों का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्काउट गाइड डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री रेणु गर्ग, पूर्व प्रधानाचार्या आभा बंसल, अभिनव सुशील, अलका शर्मा आदि मौजूद रहे।
