Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

बाजार बंदी में छूट से व्यापारी खुश, कोचिंग सेंटर खोलने की तैयारी

मुजफ्फरनगर। त्यौहारों से ठीक पहले शासन ने जिले के व्यापारियों और कोचिग सेंटर संचालकों को राहत की सौगात दी है। शनिवार की साप्ताहिक बंदी खत्म होने की सूचना से व्यापारियों के चेहरों पर खुशी और राहत की लकीरें दिखीं। इससे त्यौहारों में रौनक को लौटने की उम्मीद जग गई है।

वहीं कोचिग सेंटर खुलने से संचालकों ने कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए छात्र-छात्राओं को बुलाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना की दूसरी लहर में बंद हुए कोचिग सेंटर को खोलने के आदेश जारी हो गए हैं। इसके तहत जिले के कोचिग सेंटर संचालकों सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि अभी तक वह आनलाइन कक्षाएं ले रहे थे, जिससे पूर्ण रूप से तैयारी नहीं हो पा रही थी। अब कोचिग सेंटर खुलने से राहत मिली है। कोविड नियमों का ध्यान रखते हुए कोचिग सेंटर में कक्षाएं लेने के लिए अभ्यर्थी जाने को तैयार हैं। वहीं तोमर क्लासेस के संचालक संजीव तोमर ने बताया कि कोचिग सेंटर खुलने के बाद भी कोविड गाइडलाइड का ध्यान रखना बड़ी चुनौती बना रहेगा।

शुरू में पचास प्रतिशत छात्र-छात्राएं ही एक बैच में बुलाए जाएंगे। कमरों को सैनिटाइज कराने के साथ अतिरिक्त मास्क भी रखे जाएंगे। सेंटर खुलने की जरूरत थी। इसके लिए छात्र-छात्राएं भी काफी समय से इंतजार में थे।

त्यौहारों में मिली राहत से चलेगा व्यापार का पहिया-सप्ताह में शनिवार और रविवार को दो दिन चल रही बंदी में एक दिन की राहत से व्यापारी वर्ग खुश है। रेडीमेड कपड़ा व्यापारी राहुल गोयल का कहना है कि शनिवार की साप्ताहिक बंदी खुलने से अब यह तय हो गया कि सप्ताह में केवल रविवार को ही बाजार बंद रहेगा।

इस फैसले का व्यापारी स्वागत करते हैं। अभी भी चोरी-छिपे दुकानें खुल रही थीं। अब यह होगा कि सोमवार से शनिवार तक व्यापारी पूर्ण रूप से बाजार में बैठेंगे। इससे त्यौहारों में बाजारों में रौनक बढ़ेगी। अहिल्याबाई चौक स्थित रेनबो पेंट के स्वामी रजत त्यागी ने बताया कि दो दिन साप्ताहिक बंदी रहने से व्यापार पर असर पड़ रहा था।

त्यौहारों के दौरान काम उठता है। अब थोड़ी राहत मिली है कि एक एक दिन ही दुकान बंद रखनी पड़ेगी। अब देहात के ग्राहक भी शनिवार को दुकानों पर पहुंचकर सामान ले जा सकेंगे।

केवल रविवार को रहेगा लाकडाउन

एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि शनिवार की साप्ताहिक बंदी अब नहीं रहेगी। केवल रविवार को लाकडाउन रहेगा। मंगलवार को बाजार पूर्व की भांति रहेगा। मंगलवार को शहरी क्षेत्र में अधिकांश व्यापारी स्वेच्छा से दुकानें बंद रखते हैं। प्रशासनिक तौर पर केवल रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21102 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 + 16 =