Unnao News:मुख्यमंत्री आवास के सामने 26 अप्रैल को आत्मदाह करने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत
Unnao News सफीपुर से बीजेपी विधायक बंबालाल दिवाकर की हत्या की धमकी देने वाले और मुख्यमंत्री आवास के सामने 26 अप्रैल को आत्मदाह करने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया. परिजन विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. साथ ही कार्रवाई न होने पर अंतिम संस्कार से इनकार किया है. फिलहाल देर शाम तक अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका.
26 अप्रैल को आनंद मिश्रा नाम के एक युवक ने सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास के पास बीजेपी विधायक बंबालाल दिवाकर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्मदाह का प्रयास किया था. आनंद मिश्रा उन्नाव का रहनेवाला था. फिलहाल गांव में फोर्स तैनात है.
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के चकलवंशी के रहनेवाले आनंद मिश्रा ने 22 अप्रैल को एसपी उन्नाव के सीयूजी नंबर पर फोन कर सफीपुर से बीजेपी विधायक बंबालाल दिवाकर को जुलाई महीने में गोली मारने की धमकी दी थी. बीजेपी विधायक के प्रतिनिधि की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था. इसके बाद से पुलिस आनंद को खोज रही थी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था.
इस बीच आनंद ने 26 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह कर लिया. बुरी तरह जले आनंद को सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत अस्पताल भिजवाया था, जिसके बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. मृतक आनंद के परिवारीजनों को उसकी मौत की सूचना दी गई. वहीं मौत की सूचना से घरवालों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है, घर शव पहुंचते ही कोहराम मच गया. परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सीओ ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि आग से झुलसे आनंद की इलाज के दौरान मौत हो गई है. उन्होंने कहा कि इलाज और जांच के दौरान यह पाया गया था कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है.

